बुधवार, 24 अप्रैल 2013

जिले के योजनाबद्ध विकास को कृतसंकल्पित हैं भरत यादव


जिले के योजनाबद्ध विकास को कृतसंकल्पित हैं भरत यादव

सिवनी (साई)। सिवनी जिले के नावगत जिला कलेक्टर भरत यादव युवा एवं उर्जावान हैं। बतौर कलेक्टर यह उनकी पहली तैनाती है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के साथ चर्चा के दौरान उन्होंने हर सवाल का बेबाकी के साथ जवाब दिया। हर पहलू पर उन्होंने गंभीरता के साथ योजनाबद्ध विकास और कार्ययोजनाओं का क्रियान्वयन करने की बात कही है। शहर को सुंदर बनाने के लिए उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं तय कर रखीं हैं। मीडिया के संबंध में भी यादव ने अपनी बात खुलकर रखी। उन्होंने मीडिया को संयम बरते की सलाह भी दी। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो कार्यालय से एस.के.खरे, संजीव प्रताप सिंह और महेश रावलानी द्वारा जिला कलेक्टर भरत यादव से की गई चर्चा के मुख्य अंश:
साई न्यूज: कानून और व्यवस्था की स्थिति और आने वाले समय में जिला प्रशासन की क्या योजनाएं हैं?
श्री यादव: सिवनी वैसे तो शांतिप्रिय जिला है किन्तु कुछ तत्वों द्वारा यहां अशांति फैलाने की कोशिश की गई है। यह हमारा और एसपी साहब का पहला जिला है। एसपी साहब बहुत अनुभवी हैं, वे जबलपुर जैसे जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ रहे हैं। जिला प्रशासन में हर स्तर के अधिकारी चाहे वह दण्डाधिकारी हो, पुलिस का हो या राजस्व का अथवा किसी अन्य विभाग का सभी के बीच बेहतर समन्वय बनाने का प्रयास किया जाएगा। सभी मिलकर सिवनी के नागरिकों से सलाह मशविरा कर सिवनी के विकास के मार्ग प्रशस्त करेंगे।
साई न्यूज: सिवनी में पिछले दिनों जो अप्रिय घटनाएं हुईं उसे क्या आप इंटेलीजेंस फेल्युअर के बतौर देखते हैं?
श्री यादव: नहीं! एसा नहीं है, सिवनी में पिछले दिनों जो घटनाएं हुईं, कर्फयू लगा, बमों की बरामदगी हुई, हथियार मिले वह इंटेलीजेंस विभाग के कारण ही मिला है। सिवनी में जो कुछ हुआ वह एसटीएफ जबलपुर द्वारा की गई कार्यवाही हो सकती है पर इसमें जिला विशेष शाखा का इनपुट भी रहा है। अभी हाल ही में सनसनीखेज अपराधों की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि ढाई किलो के सोने की लूट का मामला भी पकड़ा गया था। रही बात धूमा के दोहरे हत्याकांड की तो एक पखवाड़े के अंदर इस मामले में सफलता मिलने की पूरी उम्मीद है। प्रंद्रह दिन के अंदर पुलिस हत्यारों तक पहुंच जाएगी।
साई न्यूज: सिवनी में बम मिलने की घटना के बाद प्रशासन की ओर से मीडिया को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई!
श्री यादव: अगर, एसा हुआ है तो गलत है। कोई भी घटना के घटने के उपरांत उसकी जानकारी मीडिया को अवश्य ही देना चाहिए। हमने जनसंपर्क अधिकारी से कहा है कि वे इस तरह के मामले में तत्काल मीडिया को सूचना अवश्य दें। कर्फयू के दरम्यान मीडिया की शिकायतें भी आईं। कर्फयू के दरम्यान कुछ अखबारों ने संयम नहीं बरता। कुछ आपत्तिजनक बातें भी प्रकाशित हुईं जिससे तनाव फैला। मीडिया को समाज को देखते हुए संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। अफवाहें ना फैलें इसका विशेष ध्यान रखना चाहिए। साथ ही साथ प्रशासन को भी पारदर्शिता बरतनी चाहिए। हमने पीआरओ को कहा है कि वे मीडिया से सहयोग लें, मीडिया को सहयोग दें। हमने पीआरओ को निर्देश दिए हैं कि मीडिया से जुड़े लोगों की सूची 25 अप्रेल तक अद्यतन कर लें।
साई न्यूज: खवासा बार्डर पर सदा ही जाम लगा रहता है. . .।
श्री यादव: हां, इसकी जानकारी हमें है, हमने इसकी भी कार्ययोजना तैयार की है। वहां अनावश्यक जाम लगा रहता है। हम जल्द ही खवासा में छापे मारने की तैयारी कर रहे हैं। खवासा में विभिन्न विभागों की जांच चौकियां हैं। खवासा में जांच चौकियों में शासन के अनेक विभागों द्वारा जांच कर राजस्व वसूला जाता है। जांच के दौरान सरकारी अमला अपना काम करे, पर जनता को इससे परेशानी ना हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।
साई न्यूज: शहर की बिगड़ेल यातायात व्यवस्था के बारे में. . .।
श्री यादव: हम जल्द ही यातायात को लेकर बैठक करने वाले हैं। उस बैठक में यातायात की समस्या को लेकर चर्चा की जाएगी फिर जो भी उपाय सामने आएंगे उन्हें लागू किया जाएगा। इसी तरह अतिक्रमण के संबंध में भी प्लानिंग कर कार्यवाही की जाना प्रस्तावित है।
साई न्यूज: दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण के संबंध में. . .।
श्री यादव: दलसागर के बारे में प्रयास जारी हैं। इसके लिए महाराष्ट्र के नागपुर से आर्कीटेक्ट को बुलवाकर मशविरा किया गया है। इसका प्रजेंटेशन बन चुका है, हमने देख लिया है। इसके सौंदर्यीकरण के लिए अब जनप्रतिनिधियों से उनकी निधि का सहयोग, प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं से राशि लाने का प्रयास और जनभागीदारी से इसका कायाकल्प किया जाएगा। इसमें अगर सिल्ट रह गई है, सिल्ट के टापू बन गए हैं तो उन्हें हटाया जाएगा। साथ ही साथ जरूरत पड़ी तो इसे गर्मी में खाली भी करवाया जाएगा।
साई न्यूज: जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के संबंध में आपका क्या मत है?
श्री यादव: स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास की संयुक्त बैठक 23 तारीख को रखी गई है। इसमें विभिन्न विषयों पर चर्चा कर जो हल निकलेगा उसे लागू करने का प्रयास होगा।
साई न्यूज: शहर की पेयजल व्यवस्था के संबंध में कार्ययोजना. . .।
श्री यादव: शहर की पेयजल की व्यवस्था मूलतः नगर पलिका के हाथों में है। इस बारे में समय समय पर हम सीएमओ और नगर पालिका अध्यक्ष से चर्चा करते रहते हैं। (साई न्यूज: पर 22 किलोमीटर दूर से फिल्टर किया पानी लाया जा रहा है. . .) हां हमे पता है। इस संबंध में 35 करोड़ रूपए की लागत की योजना बनाई गई है, जिसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
साई न्यूज: घंसौर में लग रहे मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड का प्लांट रक्षित वन में संस्थापित किया जा रहा है।
श्री यादव: देखिए, शासन ने इसके लिए जमीन अधिग्रहण की अनुमति दी है, इसका मतलब है कि वह सही है। अगर उसमें कुछ अनियमितताएं हैं तो उसकी जांच होगी।
साई न्यूज: फोरलेन के संबंध में कोई प्रगति!
श्री यादव: यह केंद्र सरकार का मसला है। इसमें टाईगर सेल से अनुमति मिल चुकी है, अब केंद्रीय वन एवं पर्यावरण विभाग की अनुमति की दरकार है। फिर मामला केंद्र की अनुमति के बाद आरंभ हो पाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: