मंगलवार, 17 सितंबर 2013

तीन करोड़ी हो जाएगा ऐतिहासिक दलसागर

तीन करोड़ी हो जाएगा ऐतिहासिक दलसागर!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। शहर की शान समझा जाने वाला दलसागर तालाब जल्द ही तीन करोड़ी होने जा रहा है। दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण की मद में अभी एक करोड़ नौ लाख रूपए की राशि की बंदरबांट समाप्त नहीं हुई है और अब केंद्रीय मद से एक करोड़ छियत्तर लाख रूपए का आवंटन और पालिका की झोली में आन गिरा है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में एक करोड़ नौ लाख का आवंटन प्राप्त हुआ था। इस आवंटन में से 79 लाख रूपए तालाब की पिचिंग आदि में खर्च किए गए थे। इसके अलावा जनसहयोग से लाखों रूपए की राशि भी एकत्र की गई थी। पता नहीं कैसे दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण में करोड़ों रूपए पानी के अंदर बहा दिए गए।
नगर पालिका उपाध्यक्ष राजिक अकील ने बताया कि इसके अलावा नगर पालिका परिषद् ने अपनी स्वयं की मद में लगभग 25 लाख रूपए पाथ वे बनाने में खर्च कर दिए। इसके अलावा विसर्जन घाट पर टाईल्स आदि लगवाने में भी कम से कम 15 लाख रूपए की राशि खर्च की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा दलसागर तालाब को चिन्हित किया गया है सौंदर्यीकरण के लिए। राजिक अकील ने बताया कि अब केंद्रीय मद से आने वाले एक करोड़ 76 लाख रूपए की राशि से सौंदर्यीकृत दलसागर का पुनः सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
यक्ष प्रश्न तो यह बना हुआ है कि आखिर एक बार लगभग सवा करोड़ की लागत से सुंदर बनाए गए दलसागर (वस्तुतः आज भी दलसागर सौंदर्यीकरण की मांग कर रहा है) का सौंदर्यीकरण पौने दो करोड़ की लागत से आखिर अब कैसे किया जाएगा। साथ ही साथ अब पौने दो करोड़ रूपए की लागत से क्या काम किया जाकर राशि को हजम किया जाएगा।

बहरहाल, 17 सितम्बर को सांसद के.डी.देशमुख के मुख्य आतिथ्य, मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्यटक सुविधाओं के विस्तार की श्रृंखला में दलसागर तालाब सिवनी के सौंदर्यीकरण कार्याें का भूमिपूजन अपरान्ह बारह बजे किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: