बुधवार, 18 जनवरी 2012

बहस नहीं अब लेख के आधार पर होगा दाखिला


बहस नहीं अब लेख के आधार पर होगा दाखिला
(प्रतिभा सिंह)
रांची (साई)। छह नवसृजित आइआइएम में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों को एक दूसरे के साथ बहस करने की जरूरत नहीं पडे़गी। किसी विषय को लेकर अपनी राय को एक पेपरशीट पर लिख कर जमा करना होगा। देश के छह नए आइआइएम के लिए इंटरव्यू की व्यवस्था कर रहे आइआइएम रांची ने दाखिले की प्रक्रिया में बदलाव किया है।
इस बार विद्यार्थियों को जीडी के स्थान पर लेख लिखना होगा। इसके पीछे आइआइएम रांची का तर्क है कि लेख में किसी भी विद्यार्थी के ज्ञान के बारे में आसानी से पता चल जाएगा। जबकि, जीडी में सिर्फ आपसी बहस होती रहती है, ऐसे में सही विद्यार्थी के चयन में कई बार गलती भी हो जाती है।
लेख की सीमा भी तय होगी। कोई भी लेख 1 हजार शब्द से लेकर 1500 के बीच ही होना चाहिए। तय समय सीमा में ही विद्यार्थियों को अपना लेख पूरा कर सौंपना होगा। वैट (रीटने एबलिटी टेस्ट ) में चयनित होने के बाद ही विद्यार्थियों का चयन साक्षात्कार के लिए किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों द्वारा तय तारीखों के बीच अपनी मर्जी से साक्षात्कार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 21 फरवरी से शुरू हो रही इंटरव्यू प्रक्रिया 10 मार्च तक चलेगी। उसके बाद सभी कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: