शनिवार, 8 मार्च 2014

गुड़गांव में जन्मी करजई की बेटी


(अनेशा वर्मा)
गुड़गांव (साई)।  गुड़गांव अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई बुधवार को छोटी सी यात्रा पर गुड़गांव में थे। वह अपनी पत्नी और नन्ही बेटी से मिलने आए थे। करजई की बेटी का जन्म मंगलवार को गुड़गांव के फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टिट्यूट में हुआ।
भारत में अफगानिस्तान की राजदूत शाइदा मोहम्मद अब्दाली ने टाइम्स ऑफ इंडिया को एक ईमेल के जवाब में बताया, ‘लड़की का जन्म मंगलवार सुबह 9.30 बजे हुआ। मां-बेटी दोनों स्वस्थ हैं। राष्ट्रपति बुधवार को कोलंबो जाते हुए रास्ते में कुछ देर के लिए दिल्ली में रुके और उनसे मिले।‘
वैसे अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के मुताबिक इसी हफ्ते 56 वर्षीय करजई की पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके साथ उनके परिवार के लोग हैं। सूत्रों के मुताबिक करजई ने करीब 20 मिनट अपने परिवार के साथ गुजारे। शुक्रवार शाम तक उनकी पत्नी को छुट्टी मिल जाने की संभावना है।  करजई ने गुड़गांव को क्या चुना, इस सवाल के जवाब में अब्दाली ने लिखा है, ‘राष्ट्रपति के दो खूबसूरत बच्चे अफगानिस्तान में पैदा हुए थे। लेकिन इस बार कुछ पेचीदगियां थीं इसलिए अफगानिस्तान में डॉक्टरों ने डिलिवरी भारत में करवाने की सलाह दी।‘

कोई टिप्पणी नहीं: