मंगलवार, 21 अगस्त 2012

धान खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन शुरू


धान खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन शुरू

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। धान उत्पादक किसानों का पंजीयन 16 अगस्त से शुरू हो गया है। पंजीयन 16 सितम्बर तक जारी रहेगा। पंजीकृत शत-प्रतिशत किसानों की फसल का पटवारी द्वारा भौतिक सत्यापन करवाया जायेगा। पटवारी द्वारा किये गये भौतिक सत्यापन में से 10 प्रतिशत किसानों का अन्य वरिष्ठ अधिकारी भौतिक सत्यापन करेंगे। किसानों से 100 रुपया बोनस के साथ 1350 रुपये प्रति क्विंटल दर से सामान्य धान खरीदा जायेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने धान खरीदी की सभी पुख्ता व्यवस्था के निर्देश दिये हैं।
श्री चौहान आज यहाँ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री श्री पारस जैन, मुख्य सचिव श्री आर. परशुराम, अपर मुख्य सचिव श्री एंटनी जे.सी. डिसा भी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि गेहूँ की ही तरह धान का भी ई-उपार्जन किया जायेगा। प्रदेश में गेहूँ के ई-उपार्जन की पूरे देश में सराहना हुई है। अच्छी वर्षा के मद्देनजर प्रदेश में गत वर्ष उपार्जित 9 लाख 40 हजार की तुलना में इस वर्ष 18 लाख 80 हजार मीेट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। धान तथा मोटे अनाज खरीदी के 926 केन्द्र प्रस्तावित है। प्रदेश में धान तथा मोटे अनाज के लिये लगभग एक लाख 15 हजार गठान की जरूरत होगी। प्रदेश में जूट तथा एच.डी.पी.ई. बैग मिलाकर 54 हजार बैग उपलब्ध है। शेष जरूरत के लिये मांग के साथ अग्रिम राशि समय से सिविल सप्लाई कार्पाेरेशन को भेज दी गयी है।
बैठक में बताया गया कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में एक करोड़ 91 लाख रुपये के आयोडीन युक्त नमक पैकेट वितरित किये गये हैं। केरोसिन टैंकरों में जी.पी.एस. सिस्टम लगाया जा रहा है। भण्डारण क्षमता बढ़ाने के लिये निजी क्षेत्रों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: