शुक्रवार, 16 नवंबर 2012

राहुल के तले दबी कांग्रेस


राहुल के तले दबी कांग्रेस

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस पार्टी ने 2014 में पुनः सत्ता की मलाई खाने के लिए अब सारी की सारी कमान राहुल गांधी के हाथों में सौंपने का निर्णय अंततः ले ही लिया। राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी में बड़ी भूमिका देने के मद्देनजर २०१४ के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस समन्वय समिति का प्रमुख बनाया गया है। वरिष्ठ पार्टी नेता अहमद पटेल, जनार्दन द्विवेदी, दिग्विजय सिंह, मधुसूदन मिस्त्री और जयराम रमेश इस समिति के सदस्य होंगे।
पार्टी महासचिव और मीडिया के प्रभारी जनार्दन द्विवेदी ने तीन उप समूह बनाने की भी घोषणा की । इनमें से एक चुनाव पूर्व गठबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों के बारे में होगा, जिसके प्रमुख श्री ए. के. एंटनी होंगे। श्री एंटनी को सरकारी कार्यक्रमों और चुनाव घोषणा पत्र से संबंधित उप समूह का भी प्रमुख बनाया गया है। श्री दिग्विजय सिंह संचार और प्रचार उप समूह के प्रमुख होंगे।
कांग्रेस के आला दर्जे के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अभी राहुल को वह केंद्रीय भूमिका दी जानी है, जिसके बाद पूरी तरह पार्टी का नेतृत्व उनके हाथों में होगा। कार्यकारी अध्यक्ष, पार्टी उपाध्यक्ष से लेकर मुख्य महासचिव तक, वह कुछ भी हो सकती है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानाना है कि अगर 2014 में राहुल खुद को साबित कर देते हैं और पार्टी को तीसरी बार चुनाव जीता देते हैं तो उनका प्रधानमंत्री बनना तय है। मगर उसके पहले राहुल को कड़ी मेहनत के साथ लोगों से मिलना-जुलना और उन्हें सुनना होगा। राजीव गांधी बहुत अच्छे श्रोता थे। अपने सहयोगियों के अलावा कार्यकर्ताओं और आम लोगों की बातें वे घंटों सुन सकते थे। राहुल को यह कला विकसित करना होगी। पार्टी में सब उनके साथ हैं मगर उन्हें अपनी टीम बनाने के साथ बाकी लोगों को यह विश्वास दिलाना होगा कि सोनिया का तरह वह सबको साथ लेकर चल रहे हैं।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार चुनाव समन्वय समिति में राहुल गांधी के अलावा अहमद पटेल, जनार्दन द्विवेदी, मधुसूदन मिस्त्री, जयराम रमेश को शामिल किया गया है। इसके लिए बनी सब कमेटी जिसका काम चुनाव पूर्व सहयोगी तलाशने के लिए प्रमुख है में ए के एंटनी, वीरप्पा मोइली, मुकुल वासनिक, सुरेश पचौरी, जितेंद्र सिंह, मोहन प्रकाश को रखा गया है।
कांग्रेस ने भले ही पिछले घोषणा पत्रों में किए गए वायदे आधे अधूरे हों पर अब घोषणा पत्र की उप समिति भी बना दी गई है। इसमें ए के एंटनी, पी चिंदबरम, सुशील कुमार शिंदे, आनंद शर्मा, सलमान खुर्शीद, संदीप दीक्षित, अजीत जोगी, रेणुका चौघरी, पीएल पूनिया, मोहन गोपाल। इसी तरह प्रचार की सब कमेटी में दिग्विजय सिंह, अंबिका सोनी, मनीष तिवारी, दीपेंद्र हुडा, राजीव शुक्ला एवं भक्तचरण दास को शामिल किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: