शुक्रवार, 16 नवंबर 2012

गड़करी से पल्ला झाड़ा भाजपा ने


गड़करी से पल्ला झाड़ा भाजपा ने

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। भारतीय जनता पार्टी अब भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़ने जा रही है। इस मुहिम में भाजपा ने अपने अध्यक्ष नितिन गड़करी को काफी दूर ही रखा है। गड़करी की कंपनी के भ्रष्टाचार में फंसने के चलते गड़करी से काफी समय से किनारा करने की जुगत में थी भाजपा। इसके अलावा संघ भी गड़करी को ज्यादा वेटेज देने के मूड में नहीं दिख रहा था।
संसद के शीत कालीन सत्र के एक दिन पहले 21 नवंबर को भ्रष्टाचार और रिटेल में एफडीआई का जमकर विरोध करने जा रही है भाजपा। इसके लिए बनी रणनीति के अनुसार भाजपा इस मामले में सड़कों पर उतरकर जमकर हल्ला बोलने की तैयारी में है। भाजपा के आला दर्जे के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि भाजपा के वयोवृद्ध नेता एल.के.आड़वाणी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज को इस मुहिम से प्रथक रखा गया है।
भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी को अरूणाचल प्रदेश में इटानगर में मुहिम चलाने की जवाबदारी सौंपी गई है। गड़करी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते भाजपा की जमकर किरकिरी हो रही है। उधर झंडेवालान स्थित संघ मुख्यालय केशव कुंज के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि संघ ने भाजपा के आला नेताओं को साफ निर्देश दिए हैं कि अगला आम चुनाव भ्रष्टाचार घपले घोटाले पर ही केंद्रित होगा। इसके लिए आवश्यक यह है कि भाजपा के नेताओं की छवि साफ सुथरी बनी रहे।
गड़करी पर लगे आरोपों के बाद घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार की भाजपा की मुहिम पर सीधा असर पड़ने लगा। भाजपा के आला नेताओं ने गड़करी को किनारे करने की मुहिम तेज कर दी। एक कदम आगे दो कदम पीछे की तर्ज पर गड़करी को बाहर करने की मुहिम चलने लगी। गड़करी के खिलाफ अब भाजपा के नेता तलवारें पजाने में जुट गए हैं।
उधर, गड़करी को पूर्वोत्तर के राज्यों में भेजे जाने पर भाजपा ने सफाई देना भी आरंभ कर दिया है। भाजपा का कहना है कि मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा में चुनाव निकट हैं अतः गड़करी को इटानगर भेजा जा रहा है। किन्तु भाजपा में ही अंदर ही अंदर इस बात पर चर्चा तेज हो गई है कि भाजपा के नेशनल प्रेजीडेंट को दिल्ली में इस मुहिम का नेतृत्व करना चाहिए पर उन्हें सजा के तौर पर इटानगर भेजा जा रहा है।
भाजपा के सूत्रों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली मुंबई, मुरली मनोहर जोशी, राजनाथ सिंह और मुख्तार अब्बास नकवी दिल्ली, अनंत कुमार लखनऊ, गोपीनाथ मुंडे महाराष्ट्र, वैंकेया नायडू हैदराबाद और जेपी नड्डा रायपुर में प्रदर्शन की कमान संभालेंगे। नकवी ने कहा कि आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास का भी घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी रॉबर्ट वाड्रा से लेकर कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की कंपनी को दिए कर्ज जैसे मामले भी संसद में उठाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: