शनिवार, 17 नवंबर 2012

सबसे गरीब राष्ट्रपति हैं जोस


सबसे गरीब राष्ट्रपति हैं जोस

(अभिलाषा जैन)

लंदन। (साई)। जोस मुजीका उरूग्वे के राष्ट्रपति हैं लेकिन उन्हें देखकर किसी को भी ये विश्वास नहीं होता। इसकी वजह है कि वो एक गरीब किसान की तरह अपना जीवन जीने में यकीन करते हैं। एक फार्म हाउस में अपने कुत्ते की रखवाली के भरोसे मुजीका अपना जीवन गुजार रहे हैं जो किसी भी राष्ट्रप्रमुख के लिए लगभग असंभव है। उनकी जीवन शैली कुछ इस प्रकार है, एक जीर्ण-शीर्ण फार्म हाउस में वो निहायत कम सुविधाओं के साथ रहते हैं, जहां कुएं से पानी भरा जाता है।
मुजीका राष्ट्रपति हैं लिहाजा सुरक्षा के नाम पर उन्हें दो पुलिस अधिकारी मिले हैं और निजी स्तर पर वो मनुएला नाम का एक कुत्ता अपने साथ रखते हैं। एसा नहीं है कि उरूग्वे में राष्ट्रपति को सुविधाओं के नाम पर कुछ दिया नहीं जाता बल्कि, जोस खुद अपनी मर्जी से इस तरह से रहते हैं। जोस फूलों की खेती भी करते हैं। वो कहते हैं, मुमकिन है मैं पागल और सनकी दिखता हूं लेकिन ये तो अपने-अपने ख्याल हैं। वो अपने वेतन का 90 प्रतिशत दान कर देते हैं। 
जोस क्यूबा क्रांति से निकले हुए नेता हैं और 2009 में उरूग्वे के राष्ट्रपति चुने गए लेकिन 1960 और 1970 में वो उरूग्वे में गुरिल्ला संघर्ष के सबसे बड़े नेता भी हैं और उन्होंने अपने सीने पर छह बार गोलिया खाई हैं। उन्होंने चौदह साल जेल में काटे हैं। जोस को 1985 में तब जेल से रिहा किया गया जब देश में लोकतंत्र की वापसी हुई। 
हालांकि, इन सबके बावजूद जोस की आलोचना भी जमकर होती है। खासतौर से उरूग्वे का विपक्षी दल ये मानता है कि हालिया वर्षों में देश के आर्थिक हालात खराब हुए हैं। जोस के विरोधी मानते हैं कि सार्वजनिक सेवा, स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में कोई सुधार नहीं हुआ है। गर्भपात कानून में बदलाव के लिए भी जोस की काफी निंदा हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: