मंगलवार, 14 फ़रवरी 2012

छग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सर्जरी


छग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सर्जरी

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार में व्यापक फेरबदल किया है। उल्लेखनीय है कि सुनील कुमार के मुख्य सचिव बनने के बाद पहली बार यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के मुताबिक प्रमुख सचिवों में विवेक ढ़ांड के पास पंचायत और ग्रामीण विकास के अलावा श्रम तथा श्रमायुक्त का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
डीएस मिश्रा को वित्त योजना और वाणिज्यिक कर, अजय सिंह को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा नगरीय प्रशासन विभाग, एमके राउत को कृषि सहकारिता और कृषि उत्पादन आयुक्त और आरपी मंडल को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। सुनील कुजूर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रमुख सचिव वन विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया जाएगा।
वहीं, सचिवों में आर सी सिन्हा को सामान्य प्रशासन, जन शिकायत एवं धर्मस्व विभाग, बी एल अग्रवाल को राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग तथा सुश्री निधी छिब्बर को सचिव तकनीकी शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। इसी तरह विकासशील को खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग, मनोज पिंगुआ को वर्तमान पद के साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग, केडीपी राव को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
श्री बीएल तिवारी को रायपुर संभाग का आयुक्त बनाया गया है। वहीं, के सुब्रमण्यिम सचिव मुख्यमंत्री को वर्तमान दायित्वों के साथ ही राज्य मंडी बोर्ड के प्रबंध निदेशक का भी प्रभार सौंपा गया है। उधर, कोरिया की कलेक्टर सुश्री रितु सेन को हटाकर संयुक्त सचिव सामान्य प्रशासन के पद पर पदस्थ किया गया है। जबकि उनके स्थान पर अविनाश चंपावत प्रबंध संचालक राज्य मंडी बोर्ड को कोरिया का कलेक्टर बनाया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: