रविवार, 4 नवंबर 2012

महारैली में छा गई कांग्रेस

महारैली में छा गई कांग्रेस 

(मणिका सोनल )

नईदिल्ली (साई)। करप्शन के आरोपों और एफडीआई को लेकर चारों ओर से विरोध झेल रही कांग्रेस के लिए दिल्ली की यह महारैली एक बड़ा मौका है जिसे वह खूब भुना रही है। करीब 60 हजार लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए पीएम मनमोहन सिंह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं, सोनिया गांधी ने बीजेपी पर लोकपाल बिल पास न होने देने का ठीकरा फोड़ा। राहलु ने भी सबसे पहले कमान संभाली पर वैसा कुछ नहीं दिखा जिसका अंदाजा लगाया जा रहा था कि राहुल को महिमा मण्डित किया जाएगा। 
पीएम समेत राहुल और सोनिया, तीनों ने ही, अपने संबोधन में विपक्ष को आड़े हाथों लिया और कहा, विपक्ष केवल बिना सोचे-समझे विरोध करता है और देश को गुमराह करता है।
सोनिया ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे खिलाफ करप्शन की बात करने वाले खुद इसमें फंसे हुए हैं। हमारी पार्टी भ्रष्टाचारियों को बख्शेगी नहीं। सोनिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा कामगारों और किसानों की पार्टी रही है। आज का भारत असल में कांग्रेस का बनाया गया भारत है। बीजेपी को ही लोकपाल बिल पास न होने का दोष देते हुए सोनिया ने कहा कि अब हम खाद्य कानून लागू करने जा रहे हैं।


विरोधियों को तीखा जवाब देते हुए वह बोलीं कि कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश को हम सफल नहीं होने देंगे। धर्मनिरपेक्षता पर कांग्रेस की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि हम पर लग रहे आरोपों के सच और झूठ को परखना जरूरी है।

मनमोहन सिंह रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के बड़े फैसलों को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। देश के करोड़ों लोग गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में आर्थिक विकास जरूरी है और हमने इस बाबत एक रेकॉर्ड बनाया है। पीएम ने कहा कि उनकी पार्टी ने आम आदमी को सबसे ज्यादा तरजीह दी। 8 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार दिया है। 12 करोड़ बच्चों को दोपहर का भोजन दे रही है सरकार।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जो कड़े फैसले लिए, वे देश हित में लिए। एफडीआई का फैसला लंबे समय में देश के लिए फायदेमंद रहेगा। हमारी नीतियों से आम जनता को फल, सब्जी सस्ते दामों में मिलेगी और एफडीआई से रोजगार जेनरेट होगा। चुनावी समर को ध्यान में रखते हुए पीएम ने कहा कि आगे भी लेंगे कठिन फैसले।  

मंच पर सबसे पहले कमान संभालते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा रोजगार कार्यक्रम हमने ही शुरू किया। करप्शन के बारे में पारदर्शिता लाने के लिए आज जो भी कुछ हो रहा है वह आरटीआई के जरिए हो रहा है और यह आरटीआई हमने ही जनता को सौंपी है।

उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार ने ही हजारों करोड़ों का कर्ज माफ किया। जो आधी रोटी खाते है, हम उसे पूरी रोटी देंगे।' राहुल ने लोकपाल बिल पर कहा कि उनकी सरकार फिर से लोकपाल बिल लेकर आएगी और पास करवाएगी। राहुल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग विरोध करते हैं, रास्ता नहीं दिखाते। हमने दिखाया रास्ता है। उन्होंने कहा, सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने ही देश को रास्ता दिखाया है।

कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी और सोनिया गांधी समेत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल हुए हैं। तीनों ही लोग रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की यह रैली अब सिर्फ एफडीआई तक सीमित नहीं है, बल्कि विपक्षी पार्टियों और विरोधियों को करारा जवाब देने के लिए भी बुलाई गई है। सीसीटीवी और सुरक्षा बलों की कडी सिक्योरिटी के बीच रैली अपने पूरे उफान पर दिख रही है।
 

कोई टिप्पणी नहीं: