बुधवार, 30 जनवरी 2013

डेलीवेजिज पर चल रही है प्रदेश की हुड्डा सरकार: रामविलास


डेलीवेजिज पर चल रही है प्रदेश की हुड्डा सरकार: रामविलास

(राजकुमार अग्रवाल)

कैथल (साई)। हरियाणा प्रदेश में भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार डेलीवेजिज पर चल रही है। हजकां से कांग्रेस में शामिल हुए 6 विधायकों की सदस्यता अदालत से कभी भी रद्द हो सकती है ऐसे में अल्पमत में चल रही यह सरकार कभी भी गिर सकती है।
यह बात भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामविलास शर्मा ने मंगलवार को कैथल के एक पैलेस में भारी संख्या में उमड़े भाजपा हजकां कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर आज कैथल में रामविलास शर्मा का स्वागत समारोह  आयोजित किया गया था। स्वागत समारोह में भाजपा हजकां गठबंधन कार्यकर्त्ताओं द्वारा प्रो. रामविलास का नोटों की माला व फूल  मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
यहां कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए रामविलास शर्मा ने कहा कि आज देश विभिन्न परिस्थितियों से जूझ रहा है। देश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, वहीं लालच ने न्याय के ऊपर कब्जा किया हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली में एक दलित लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ, जिसने देश वासियों को झकझोर कर रख दिया। वहीं हरियाणा प्रदेश में अपना घर में जो कांड हुआ वह शर्मसार कर देने वाला है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का मूड ठीक रखने के लिए हुड्डा ने पलवल, फरीदाबाद, गुडग़ांव सहित अन्य स्थानों की बेशकीमती पंचायती जमीन रॉबर्ड वाड्रा को सस्ते भाव में दे दी। इतना ही नहीं, इन कांग्रेसियों का विदेशों में भी 400 लाख करोड़ रुपए का काला धन जमा है, जो राजीव गांधी ट्रस्ट या राहुल गांधी के नाम है।
केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे द्वारा भाजपा और आर.एस.एस. के शिविरों में हिंदू आतंकवादी तैयार करने के ब्यान की कड़ी आलोचना करते हुए रामविलास शर्मा ने कहा कि शिंदे ने यह ब्यान देकर जहां 100 करोड़ हिंदुओं की भावना को ठेस पहुंचाई है, वहीं उनके इस ब्यान से अफजल गुरू जैसे आतंकी का हौसला बढ़ा है। शिंदे के इस ब्यान पर उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
भाजपा हजकां गठबंधन पर बोलते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जब से यह गठबंधन हुआ है, प्रदेश में भाजपा हजकां गठबंधन की एक लहर चल रही है। महंगाई, भ्रष्टाचार से यह गठबंधन ही जनता को निजात दिला सकता है। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं को किसी भी समय होने वाले चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा। भाजपा प्रदेश सह प्रवक्ता धर्मवीर डागर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा हजकां गठबंधन की सरकार आने पर ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिसके तहत तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों में उसी क्षेत्र के लोगों को रोजगार दिया जाएगा।
इससे प्रदेश मेें भेदभाव की नीति भी खत्म होगी। स्वागत समारोह में बलदेव राज कंसल व ओमप्रकाश गोघ ने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा। स्वागत समारोह को छछरौली के पूर्व विधायक कंवरपाल गुर्जर, पूर्व विधायक बनारसी दास, एडवोकेट प्रदीप हरित, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल तंवर, बलकार पूंडरी आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं कैथल जिला प्रभारी आत्म प्रकाश मनचंदा, भाजपा कुरुक्षेत्र जिला अध्यक्ष धुमन किरमच, हजकां कैथल जिलाध्यक्ष नरेश ढांडे, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य रणधीर गोलन, रवि भूषण गर्ग, कलायत मंडल अध्यक्ष कुलदीप परमार, कृष्ण ढांड, हजकां शहरी अध्यक्ष जोगिंद्र प्रताप, ऋषिपाल भुक्कल खरक, घनश्याम दास प्रदेश महामंत्री, वीरेंद्र छौत जिला महामंत्री, सतीश शर्मा सिरटा जिला महामंत्री, हरिचंद जांगड़ा, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र क्योड़क, जगन गुर्जर, सुभाष चुघ, राजरमन दीक्षित, दिनेश कौशिक सहित अन्य भाजपा हजकां कार्यकर्त्ता भी मौजूद थे। 

कोई टिप्पणी नहीं: