सोमवार, 18 फ़रवरी 2013

हिंदुस्तान क्रांति मंच के सदस्यों ने ली भाजपा की सदस्यता


हिंदुस्तान क्रांति मंच के सदस्यों ने ली भाजपा की सदस्यता

(राजकुमार अग्रवाल)

कैथल (साई)। भाजपा द्वारा पाई में आयोजित किए गए ज्वाइन भाजपा सम्मेलन में हिंदुस्तान क्रांति मंच के सदस्यों ने भाजपा में शामिल होने का जोरशोर से ऐलान किया। इस अवसर पर हिंदुस्तान क्रांति मंच के राष्ट्रीय संयोजक सज्जन आर्य के नेतृत्व में सत्यवान, संदीप, जोगिंद्र, गुरमीत, सुनील, कर्मवीर, सुरेश, बलजीत, हसन, कामराज, यशपाल, रामफल, प्रतीक, राजेश, बलकार, सोनू सहित 100 के लगभग मंच सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता विधिवत रूप से ग्रहण की।
सम्मेलन को पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा व प्रदेश सह प्रवक्ता धर्मवीर डागर ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। अपने संबोधन में मनचंदा ने कहा कि भाजपा जातिवाद की राजनीति नहीं करती। किसी भी जाति या वर्ग का कार्यकर्त्ता इसमें जितनी मेहनत से कार्य करता है उसे पार्टी में आगे बढऩे के उतने ही सुअवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने पिछड़ा वर्ग से संबंध रखने वाले गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात विकास के मामले में इस समय देश का अग्रणी राज्य है। मोदी किसी समय में रेलवे स्टेशन पर रेहड़ी लगाते थे। और अब राजनीति में आकर भाजपा से जुड़कर अच्छे कार्य करने के कारण उनका नाम पूरी दुनिया में चर्चित है। देश के जिन भी राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं वे राज्य विकास के मामले में अव्वल हैं।
सह प्रवक्ता धर्मवीर डागर ने कहा कि कांग्रेस ने देश में पिछले 55 वर्षों के शासनकाल में किसानों व निर्धन तबके के लोगों की कतई सुध नहीं ली। उनका केवल शोषण ही किया गया। किसानों को फसल की लागत के हिसाब से कभी भी उचित मूल्य नहीं दिए गए। भाजपा की सरकार देश में आने पर किसानों की फसलों के मूल्य लागत व 50 प्रतिशत लाभ को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किए जाएंगे ताकि किसान घाटे में न जा सके। हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा केवल रोहतक के विकास तक ही सिमटकर रह गए हैं। रोहतक जिले के युवकों को ही अधिकतर सरकारी भर्तियों में नौकरी देने के प्रयास किए गए हैं। भाजपा की सरकार आने पर इस संबंध में ऐसा कानून बनाया जाएगा जिससे सभी संबंधित जिले के युवकों को सरकारी नौकरियों में बराबर की भागीदारी मिल सके। उन्होंने कहा कि अटल जी की सरकार में भाजपा द्वारा केवल 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर पर किसानों को ऋण मुहैया करवाए गए जबकि कांग्रेस की सरकारों में किसान ऋणों की दर 12 से 14 प्रतिशत वार्षिक तक होती थी। हिंदुस्तान क्रांति मंच के राष्ट्रीय संयोजक सज्जन आर्य ने कहा कि युवाओं का भाजपा की ओर रूझान बढ़ता जा रहा है और देश प्रदेश में आने वाली सरकार भाजपा की होगी। कार्यक्रम में राजपाल तंवर जिलाण्यक्ष भाजपा, सुभाष हजवाना पूर्व जिला उपाध्यक्ष, मुख्तयार सिंह एडवोकेट, सरदार कुलवत आंहूं, देवेंद्र साकरा, रणजीत साकरा, सतीश शर्मा, नरेद्र मिड्ढा, रणधीर भाणा, मास्टर जियालाल, हरिकेश फौजी, टेकचंद ढुल, यशपाल, तिलकराज, मोनू, बलजीत आदि नेतागण व सैंकडों ग्रामीणों ने भाग लिया। 

कोई टिप्पणी नहीं: