बुधवार, 28 दिसंबर 2011

देश भर में ठंड ने दिखाया अपना असर


देश भर में ठंड ने दिखाया अपना असर



(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। देश की राजनैतिक राजधानी दिल्ली सहित समूचे देश भर में ठण्ड का कहर रूकने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय प्रशासन के पर्याप्त प्रबंध न हो पाने से गरीब गुरबे ठण्ड में ठिठुरने पर मजबूर हैं। शीतलहर के जबर्दस्त प्रकोप के बावजूद भी देश के कुछ प्रदेशों में शिक्षण संस्थाओं में अब तक अवकाश घोषित नहीं किया गया है।
देश के हृदय प्रदेश की राजधानी भोपाल से साई संवाददाता अंशुल गुप्ता ने बताया कि प्रदेश का ठण्ड से बुरा हाल है। आने वाले छत्तीस घंटों के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, चम्बल, रीवा और शहडोल संभागों के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में इस दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, शहडोल और सागर संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर का प्रकाप रहा। इस अवधि में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा है। राजधानी भोपाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में आने वाले चौबीस घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उधर जयपुर से साई संवाददाता मीनल कुंजामने बताया कि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर जारी रहने से आज भी सामान्य जनजीवन के साथ ही रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ा। श्रीगंगानगर आज प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान एक दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा चूरू में एक दशमलव आठ, पिलानी में दो दशमलव सात, भरतपुर में तीन दशमलव सात, सवाईमाधोपुर में साढे पांच, वनस्थली में पांच दशमलव आठ और जैसलमेर में छः डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में कल रात का तापमान साढे सात डिग्री रहा। सीकर में भी लोगों को कंपकपाती सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। साई संवाददाता के अनुसार पिछले चार दिनों से जारी शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नागौर, धौलपुर, झालावाड़, चूरु सहित कई अन्य स्थानों से हमारें संवाददाताओं ने तेज सर्दी के कारण आम जीवन प्रभावित होने की खबरें दी है। प्रदेश के एक मात्र पर्वतीय स्थल माउंट आबू में तापमान शून्य से दशमलव छः डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
पोर्ट ब्लेयर से साई संवाददाता हामिद हुसैन ने बताया है कि बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी मे चक्रवातीय तूफान थाने के केन्द्रित होने से द्वीप समूह के विभिन्न भागों में पिछले चौबीस घंटों के दौरान रूक-रूक कर वर्षा हुई है। मौसम कार्यालय के अनुमान में बताया गया है कि अगले चौबीस घंटों के दौरान भी मौसम खराब रहेगा। इस दौरान पैतालीस से पचपन किलोमीटर की सफ्तार से दक्षिण पूर्व और दक्षिणी हवाएॅ चलेंगी। समुद्र बहुत अशांत रहेगा। मछुवारों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।  इस बीच पोर्ट ब्लेयर बंदरगाह पर खतरे का संकेत नम्बर तीन लगा दिया गया है।  

कोई टिप्पणी नहीं: