शुक्रवार, 21 दिसंबर 2012

सर्दियों में बथुआ खाएं, बीमारी दूर भगाएं



सर्दियों में बथुआ खाएं, बीमारी दूर भगाएं

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। सर्दी के मौसम को स्वास्थ्य बनाने का मौसम भी कहा जाता है इस मौसम में काया पूरी तरह निरोगी ही रहती है। हरी सब्जियों का सेवन करने से भरपूर मात्रा में लवण और विटामिन शरीर को मिलते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया द्वारा आर्युवेदाचार्यों, चिकित्सकों और अन्य जानकारों से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई है।
बथुआ कई औषधीय गुणों से भरपूर होता है। डाक्टरों के मुताबिक बथुआ को खाने में किसी न किसी रूप में शामिल जरूर करना चाहिए। यह स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद है। इसमें आयरन प्रचुर मात्र में पाया जाता है। इसके साग को नियमित रूप से खाने से कई रोगों को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। इससे गुर्दे में पथरी होने का खतरा काफी कम हो जाता है। गैस, पेट में दर्द और कब्ज की समस्या भी दूर हो जाती है।
बथुआ के बारे में आर्युवेदाचार्यों का मानना है कि कच्चे बथुआ के एक कप रस में थोड़ा-सा नमक मिला कर रोजाना खाने से पेट के कीड़े मर जाते हैं। गुर्दा, मूत्रशय और पेशाब के रोगों में बथुआ का रस पीने से काफी लाभ मिलता है। बथुआ को उबाल कर इसके रस में नींबू, नमक और जीरा मिला कर पीने से पेशाब में जलन और दर्द नहीं होता।
सिर में अगर जुएं हों तो बथुआ को उबाल कर इसके पानी से सिर धोएं। जुएं मर जायेंगे और सिर भी साफ हो जायेगा। सफेद दाग, दाद, खुजली फोड़े और चर्म रोगों में बथुआ को प्रतिदिन उबाल कर इसका रस पीना चाहिए। बथुआ का रस मलेरिया, बुखार और कालाजार संक्रामक रोगों में भी फायदेमंद होता है। कब्ज के रोगियों को तो इसका नियमित रूप से सेवन करना चाहिए। कुछ हफ्तों तक नियमित रूप से खाने से कब्ज की समस्या समाप्त हो जाती है।
बथुआ को साग के तौर पर खाना पसंद न हो तो इसका रायता बना कर खाएं। पथरी होने पर एक गिलास कच्चे बथुआ के रस में शक्कर को मिला कर रोज पिएं। पत्थरी टूटकर बाहर निकल आयेगी। बथुए के नियमित सेवन से रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। आंखों की रोशनी बढ़ाने और जोड़ों के दर्द से राहत पाने के लिए बथुआ काफी फायदेमंद साबित होता है।
चिकित्सकों का मानना है कि बथुए के सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से दूर रहा जा सकता है। मासिक धर्म रुका हुआ हो तो दो चम्मच बथुए के बीज एक गिलास पानी में उबालें। आधा रहने पर छान कर पी जाएं। सर्दियों में नाश्ते के रूप में बथुआ के परांठों का सेवन दही के साथ कर सकते हैं। यह खाने से नाश्ता तो टेस्टी बनेगा ही, साथ ही सेहत को भी फायदा पहुंचेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: