शुक्रवार, 4 जनवरी 2013

ठण्ड ने फिर दिखाए तीखे तेवर


ठण्ड ने फिर दिखाए तीखे तेवर

(शरद)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली में ठंड हर दिन रेकॉर्ड तोड़ रही है। गुरुवार को पारा 43 साल का रेकॉर्ड तोड़ते हुए 4.4डिग्री तक लुढ़का, तो आज सुबह साढ़े पांच बजे पारा मौसम के सबसे निचले स्तर 2.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है।
कल न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम अधिकारियों ने अनुमान व्यक्त किया है कि कल भी इसी तरह का मौसम रहेगा और तापमान चार से लेकर 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। उधर, ठंड के साथ कोहरे की मार भी जारी है। कोहरे का असर ट्रेनों की आवाजाही पर भी पड़ा है। ट्रेनों और फ्लाइट्स का लेट होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी दिल्ली आने-जाने वाली 12 ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 26 ट्रेनें लेट हैं।
हलांकि सुबह दस बजे के लगभग सूर्यदेव ने अपनी झलक दिखला दी थी लेकिन संडे को देखना है कि वह भी बाहर आएंगे या अपने घर दुबके रहेंगे। बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि विभाग का अनुमान है कि दोपहर में गुलाबी धूप और हवा की तेजी में कमी के कारण ठंड का कहर कुछ हद तक कम हो सकता है।
मौसम विभाग के सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि आने वाले तीन चार दिनों में अधिकतम तापमान भी 13-14 डिग्री तक बना रहने की संभावना है। आज सुबह हवा का रुख कल और परसों के मुकाबले कम तेज था। हवा की रफ्तार एक से चार किलोमीटर प्रति घंटे की बनती बिगड़ती रही। सुबह कल की तरह कोहरे का नामोनिशां दूर दूर तक नहीं था। विजिबिलिटी साफ थी।
वैसे कल सुबह बर्फीली हवाओं के बाद दोपहर बाद को जब सूर्य देव ने दर्शन दिए, तो तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह के मुकाबले शीत लहर में कमी आई, लेकिन ठंडक बनी रही। इस ठंडक की परवाह न करते हुए लोग जरा सी धूप किसी तरह बदन को छू भर जाए, सी हसरत लिए बाहर सड़कों और पार्कों तक पहुंच गए। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो एक दिन तक इसी तरह का सिलसिला चलता रहेगा। कभी ठंडी हवा हौले हौले चलेगी तो कभी तेज झोंका देकर ठिठुरने को मजबूर कर देगी।
मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि, आज दिन भर आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 13 डिग्री और दिन भर तक न्यूनतम 4 और 5 डिग्री सेल्सियस तक बना रहने की संभावना है। कल और परसों यही हाल रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है आने वाले कुछ घंटों में दिल्ली सहित, पंजाब, हरियाणा, वेस्ट उत्तर प्रदेश, नॉर्थ राजस्थान और नॉर्थ वेस्ट मध्य प्रदेश में पडऩे वाले कोहरे के कारण विजिबिलिटी 200 मीटर या कुछ कम रह सकती है। दो रातों में नॉर्थ राजस्थान, हरियाणा के कई इलाकों और वेस्ट उत्तर प्रदेश के आसपास के कुछ इलाकों जमीनी कोहरा परेशान कर सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं: