गुरुवार, 28 मार्च 2013

देश भर में मनी जमकर होली


देश भर में मनी जमकर होली

(महेश)

नई दिल्ली (साई)। रंगो का त्योहार होली आज देश भर में पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। कल रात्रि होलिका दहन के उपरांत आज का हर्ष और उल्लास देखने लायक था। देश भर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से मिली जानकारियों के अनुसार देश भर में रंगोत्सव पूरी धमधाम से मनाया गया।
रंगों का त्यौहार होली आज देश भर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कल देश के विभिन्न भागों में होलिका दहन किया गया। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने होली के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। होली के अवसर पर राजस्थान के पर्यटन विभाग ने कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के जयपुर ब्यूरो से शैलेंद्र ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, जैसलमेर में सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ होली मना रहे हैं। गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे आज जेसलमेर पहुंचे वे सीमावर्ती चौकियों पर गए और जवानों के साथ उन्होंने होली खेली। जयपुर में भी होली परम्परागत उल्लास के साथ मनाई जा रही है। राजस्थान पर्यटन विकास निगम ने होली पर एक दुलंडी उत्सव का आयोजन किया है। इसमें सैंकड़ों विदेशी पर्यटक मौजूद हैं, जिन्होंने करीब दो घंटे तक एमआई रोड़ पर होली का आनंद लिया।
वहीं देश के हृदय प्रदेश में होली का उल्लास देखने लायक था। मध्यप्रदेश में भी होली की धूम है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के एमपी ब्यूरो से सोनल सूर्यवंशी ने खबर दी है कि इस अवसर पर बड़े-बड़े जुलूस निकाले जा रहे हैं, जिसमें साम्प्रदायिक सौहार्द देखने को मिल रहा है।
साई न्यूज ब्यूरो ने बताया कि लोगों की सुबह आज रंगों की बौछारों और हंसी के ठहाकों के साथ शुरू हुई। घरों पर आने वालों को गुझिया और मठरी जैसी परंपरागत मिठाईयां परोसी जा रही हैं। राजधानी भोपाल के पुराने और नये हिस्से में परम्परागत होली जल समारोह निकाले गए। इस दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द के दृश्य भी देखने को मिले। जल संरक्षण का संदेश देखने के उद्देश्य से लोगों का एक वर्ग सिर्फ गुलाल और तिलक होली खेल रहा है।
वहीं संस्कारधानी जबलपुर के ब्यूरो से सुरेंद्र जायस्वाल ने बताया कि सिवनी में जिला प्रशासन कुछ हद तक इस अवसर पर सख्त रहा। बताया जाता है कि रात बारह बजे के पहले ही जगह जगह प्रशासन द्वारा जबरन ही होलिका का दहन करवा दिया गया। नागरिकों के अनुसार होलिका दहन का महूर्त रात्रि ढाई तीन बजे था पर प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी।
बताया जाता है कि आज दिन में भी प्रशासन ने हुरियारों को अघोषित तौर पर अपरान्ह बारह बजे के बाद घर भेजना आरंभ कर दिया। आज दोपहर लगभग तीन बजे एक स्थानीय सांध्य दैनिक के संपादक और पुलिस अधिकारी के बीच दबाव देकर घर भिजवाने की बात पर कहासुनी भी हुई। लोगों में प्रशासन की सख्ती को लेकर आक्रोश साफ दिखाई दे रहा था।
ज्ञातव्य है कि सिवनी में 07 फरवरी को परिस्थितियों के कथित तौर पर बिगड़ने से वहां कर्फयू लगा दिया गया था। 08 फरवरी को सुबह ना तो समाचार पत्रों को ही बटने दिया गया था और ना ही लोगों को दूध और पानी ही नसीब हो पाया था। प्रशासन के इस अडियल रवैए से नागरिक खासे खफा था।
पिछले दिनों सिवनी में कथित तौर पर सिमी के गुर्गे भी पुलिस ने धराए थे। इनके पास से लगभग डेढ़ सौ जिंदा बम, बंदूक और अन्य आपत्तिजनक हथियार भी बरामद हुए थे। पुलिस की जांच इस संबंध में जारी है। कहा जा रहा है कि जिनके घरों में इन्होंने शरण ली थी उन घर मालिकों पर पुलिस खासी मेहरबान है।
वहीं पटना से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से प्रतिभा सिंह ने बताया कि बहार में भी लोग एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने होली के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। लोग सुबह से घरों से बाहर निकलने लगे और फिर टोलियों संग गाने बजाने और खाने का सिलसिला शुरू हो गया। हर किसी के घर में लजीज व्यंजन तैयार किए गए हैं। खासकर बिहार का प्रसिद्ध पुआ तो जरूर बना है। कई नेताओं के घरों पर भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है।
इधर, समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के दिल्ली एनसीआर ब्यूरो से मणिका सोनल ने बताया कि राजधानी दिल्ली में रंगों का यह त्यौहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दुबई में भी होली का त्यौंहार हर्षाेल्लास के साथ मनाये जाने के समाचार हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: