गुरुवार, 4 अप्रैल 2013

सन्तों के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ में आ रही खुशहाली: डॉ. रमन सिंह


सन्तों के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ में आ रही खुशहाली: डॉ. रमन सिंह

(एन.के.श्रीवास्तव)

रायपुर (साई)। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज रात यहां पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ में आयोजित सन्त स्वामी राजाराम साहिब के 53वें वर्सी महोत्सव में शामिल हुए। कृषि और श्रम मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं शदाणी दरबार में मुख्यमंत्री के रूप में नहीं बल्कि एक भक्त की हैसियत से हर साल आशीर्वाद लेने आता हूं। उन्होंने कहा कि दरबार में मत्था टेकने से शांति और ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि सन्त-महात्माओं के आशीर्वाद और ईश्वर की कृपा से छत्तीसगढ़ तेजी से सुख-समृध्दि की ओर बढ़ रहा है। शदाणी दरबार के सन्तों के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ में खुशहाली आ रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान पहले गरीबी और पलायन वाले राज्य के रूप में होती थी, किन्तु अब यह तेजी से विकास करने वाले राज्यों की श्रेणी में शामिल हो गया है। उन्होंने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के ढाई करोड़ जनता की खुशहाली और समृध्दि के लिए आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शदाणी दरबार का देश और दुनिया में अलग नाम है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रध्दालु की मन्नते पूरी होती हैं। प्रमुख गाद्दीसर सन्त श्री युधिष्ठिर लाल के मार्गदर्शन में शदाणी दरबार काफी विकसित हो रहा है। उनकी देख-रेख में यहां बड़े-बड़े धार्मिक आयोजन सम्पन्न होते हैं। देश और दुनिया में यह सिन्धु समाज के एक प्रमुख तीर्थ के रूप में प्रसिध्द हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कार्यक्रम में शदाणी दरबार द्वारा प्रकाशित और श्री ठाकुर लाल लहरूमल छाबड़िया द्वारा लिखित पुस्तक श्हिंगलाज माता शक्तिपीठश् और भजन सी.डी. श्हे राम रमईयाश् का विमोचन किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, पूर्व विधायक श्री रमेश वाल्याणी, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री श्रीचन्द सुन्दरानी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे। श्री कन्हैयालाल तलरेजा ने भी समारोह को सम्बोधित किया। इस अवसर पर समाज की ओर से मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री का अभिनंदन भी किया गया। 

कोई टिप्पणी नहीं: