शुक्रवार, 1 जून 2012

गर्मी ने तबियत से झुलसाया!


गर्मी ने तबियत से झुलसाया!

(पियूष भार्गव)
नई दिल्ली (साई)। नौ तपा में इस बार देश जमकर झुलस रहा है। देश भर से पानी के संकट और लू की खबरें आ रही हैं। राजधानी दिल्ली भी बुरी तरह झुलस रही है। पिछले पांच सलों में 30 मई को दिल्ली का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। कहा जा रहा है कि सप्ताहांत में बारिश हो सकती है।
पारे ने इस कदर उछाल लिया कि बीते पांच वर्षों में ३० मई का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पालम, आया नगर, रिज, नजफगढ जैसे कई इलाकों में पारा ४४ डिग्री सेल्सियस के आंकडे को भी पार कर गया। पालम में अधिकतम तापमान ४४.९ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक यानी ४३.५ दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आशंका जतायी है कि अगले ४८ घंटों में तापमान में और उछाल दर्ज किया जा सकता है। अधिकतम तापमान ४५ डिग्री सेल्सियस के आंकडे को भी पार कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमान में कहा है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान ४६ डिग्री सेल्सियस को पार कर जायेगा।
मौसम विशेषज्ञों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर एक चक्रवातीय सिस्टम बना हुआ है। इसके अलावा उडीसा में भी एक चक्रवातीय सिस्टम बना हुआ है। दूसरी तरफ बंगाल की खाडी में हलचल देखने को मिल रही है। यहां हवा का एक अपर-एयर टर्फ तैयार हो गया है। दूसरी तरफ शुक्रवार से एक पश्चिमी विक्षोभ भारतीय इलाकों में दस्तक देगा।
जानकारों ने साई न्यूज को आगे बताया कि इन मौसमी कारकों की वजह से दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर-पश्चिमी भारत के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। यूपी में भी लोगों को भीषण गर्मी और लू से तुरंत राहत मिलने की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि ही होने के अनुमान हैं।
वहीं राजस्थान से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो शैलेन्द्र ने बताया कि राजस्थान का सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर में भी पारा ४५ के पार चला गया है। बीकानेर, जयपुर, जोधपुर इन शहरों में भी गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। एमपी में भोपाल से साई ब्यूरो नन्द किशोर ने बताया कि मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिन तक यही स्थिति बनी रहेगी।
सूरज के तीखे तेवरों ने इन दिनों आम तौर पर ठंडा रहने वाले हिमाचल प्रदेश को भी नहीं बख्शा। राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। शिमला समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से स्वाति सिंह ने बताया कि शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह तापमान में कमी आ सकती है।  नरकंडा, कुफरी, कसौली, मनाली, पालमपुर, चंबा और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर भी तापमान सामान्य से अधिक रहा। ऊना ४२.८ डिग्री सेल्सियस के साथ हिमाचल का सबसे गर्म शहर रहा।
राजधानी दिल्ली में बुधवार को पारा पांच वर्ष के सभी रिकार्ड तोड़ते हुए 45 डिग्री तक पहुंच गया जो औसत से पांच डिग्री अधिक रहा। राजधानी दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। बुधवार को पारा पांच वर्ष के सभी रिकार्ड तोड़ते हुए 45 डिग्री तक पहुंच गया जो औसत से पांच डिग्री अधिक रहा। दस वर्षाे में मई महीने में यहां का तापमान सिर्फ दो बार 45 डिग्री के आंकड़े को पार कर पाया है।
एक सप्ताह से भी ज्यादा समय से राजधानीवासियों की सुबह गर्म हवाओं के झोंकों के साथ हो रही है जो चढ़ते दिन के साथ लोगों के शरीर को झुलसा रही है। बुधवार को सुबह होने के साथ ही पारे ने चढ़ना शुरू किया और दस बजते-बजते अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया।
दोपहर में पारा सारे रिकार्ड तोड़ते हुए 45 डिग्री तक पहुंच गया। इसके साथ ही आज पूरे दिन लू चलने का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को पारा और ऊपर चढ़ने वाला है. उसके अगले दिन मौसम के मिजाज में बदलाव होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दस वर्षाे में केवल दो बार ही मई महीने में यहां का तापमान 45 डिग्री रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इन दस वर्षाे के दौरान पहली बार 19 मई 2002 और दूसरी बार 18 मई 2010 को पारा क्रमशः 46 और 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
29 मई 1944 को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मई महीने में गरमी पड़ना लाजिमी है। लेकिन इस साल लगातार एक सप्ताह से ज्यादा अधिकतम तापमान 42 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। बुधवार को भीषण गर्मी का सामना कर रहे दिल्लीवासियों के लिए मौसम विभाग ने राहत की बात कही है।
मौसम विभाग के जानकारों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 29 डिग्री के बीच रहेगा. शुक्रवार को मौसम के मिजाज में बदलाव होने के भी संकेत हैं। शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आज का अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 28.2 डिग्री रिकार्ड किया गया जो औसत से एक डिग्री अधिक रहा।
उत्तर प्रदेश राज्य में बढ़ते हुए तापमान के साथ ही लोगों का कष्ट भी बढ़ता जा रहा है। राज्य की समीक्षा करते हुए लखनउ से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो दीपांकर श्रीवास्तव ने बताया कि शहरों में पेयजल की आपूर्ति सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। किसानों को खरीफ की फसल की तैयारी के लिए अब मानसून पूर्व की वर्षा का बेसब्री से इंतजार है। मानसून पूर्व की वर्षा आमतौर पर २५ मई के आसपास होती है। सामान्य तौर पर मानसून १५ जून तक आता है। किसानों को इस बार मानसून के देर से आने की आशंका होने लगी है। वर्षा न होने से अब धान की बुुआई भी पिछड़ रही है।
झारखंड से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से प्रतिभा सिंह ने बताया कि राज्य में गढ़वा में कल तापमान ४५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर भीषण गर्मी से बचने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर घाटी पहुंच रहे हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि श्रीनगर के सभी होटल और हाउसबोट बुक हो चुके हैं।
विश्वप्रसिद्ध डल झील के आसपास और सभी अन्य पर्यटक स्थलों पर चहल-पहल और रौनक अपने चरम पर है। देश के मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से बचने और कश्मीर के सुहावने मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाने के लिए हर दिन हजारों पर्यटक घाटी पहुंच रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में घाटी आने वाले पर्यटकों की संख्या दोगुनी हो गई है।

विश्वनाथ बने शतरंज के सरताज


विश्वनाथ बने शतरंज के सरताज
(डॉ.अभिजीत चौहान)
मास्को (साई)। शतरंज के सरताज विश्वनाथन आनंद की बादशाहत विश्व चौंपियनशिप में कल लगातार चौथी और कुल पांचवी बार भी कायम रही। मास्को में आनन्द ने इस्राइल के चौलेन्जर बोरिस गेलफंड को रैपिड टाई ब्रेकर में डेढ़ के मुकाबले ढाई अंकों से पराजित किया। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और खेल मंत्री अजय माकन ने आनन्द को इस विलक्षण उपलब्धी पर बधाई दी है।
उधर, पेरिस में महेश भूपति और सानिया मिर्जा तथा लिएंडर पेस और एलेना वेसनीना की जोड़ी फ्रैंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मिक्स्ड डबल्स प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। जबकि रोहन बोपन्ना और लीजा रेमण्ड की जोड़ी पहले दौर में ही हारकर बाहर हो गए।
इस बीच, भारत, अजलान शाह हॉकी प्रतियोगिता से बाहर हो गया है। इपोह में कल पांच बार की विजेता भारतीय टीम को अर्जेंटीना ने अहम मुकाबले में ३-२ से हराया। आज अपने आखिरी लीग मैच में भारत पाकिस्तान के साथ खेलेगा।

नहरों पर नहाना वर्जित


नहरों पर नहाना वर्जित

(अनेशा वर्मा)

करनाल (साई)। नहर में नहाने से जहां गंदे पानी के कारण स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है,वहीं पानी में बहने की घटना होने की भी आशंका बनी रहती है। इसी के मद्देनजर करनाल जिले में नहरों पर नहाने में दो माह तक पाबंदी लगा दी गई है। जनता के लिए जिलाधीश रेनू एस फुलिया ने अपराध संहिता 1973 की धारा 144 लागू की है। यह आदेश आज से आरम्भ होकर आगामी दो मास तक प्रभावी रहेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि करनाल की जिलाधीश ने आदेशों में कहा है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बच्चे नहरों में नहाते हैं, जबकि नहरों का पानी काफी गंदा होता है जिसका उनके स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है और नहर के पानी का बहाव इतना तेज होता है जिससे कई बार बच्चे या स्नान करने वाले व्यक्ति के बह जाने की घटना हो जाती है, जो कि सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं है।
आदेशों में जिलाधीश ने इन्द्री वाटर सप्लाई डिवीजन व करनाल वाटर डिवीजन के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि वे नहरों के आस पास ऐसे सूचना बोर्ड लगाएं, जिन पर नहरों में नहाने पर पाबंदी के निर्देश लिखे हों और आदेशों की अवहेलना करने पर सूचना बोर्डाे पर दिए जाने वाला दंड भी अंकित हो।
उन्होंने आदेशों में जिला के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे समय-समय पर नदियों के आस पास क्षेत्रों में नजर रखें, कोई व्यक्ति व बच्चा नहरों में ना नहाएं। आदेशों की अवहेलना करने वाले के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के अनुसार कार्यवाही की जायेगी।

बुधवार, 30 मई 2012

मूल काम से भटके राजीव शुक्ला


मूल काम से भटके राजीव शुक्ला

कांग्रेस में पत्रकार मंत्री पर प्रवक्ताओं का टोटा

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। पत्रकारिता की सीढी से चढ़कर सांसद और फिर मंत्री बने राजीव शुक्ला इन दिनों पत्रकारिता लगभग भूल चुके हैं। केंद्र में लाल बत्ती की मलाई चखने के साथ ही देश की सबसे धनाड्य संस्था बीसीसीआई में राजीव शुक्ला का सिक्का चल रहा है। मूलतः पत्रकार कांग्रेस के राज्य सभा सांसद राजीव शुक्ला के रहते कांग्रेस में प्रवक्ताओं की तोपें खामोश बैठी हैं। सिंघवी के सीडी प्रकरण के बाद अब कांग्रेस में प्रवक्ताओं की खोज जमकर की जा रही है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अंदरखाने से छन छन कर बाहर आ रही खबरों के अनुसार पत्रकार संसद सदस्य राजीव शुक्ला के अलावा प्रधानमंत्री के मीडिया एडवाईजर की भूमिका भी सरकार और कांग्रेस के पक्ष में साफ नजर नहीं आ रही है। मूलतः कांग्रेस को मीडिया में जिंदा रखने के लिए राजीव शुक्ला को बतौर राज्य सभा सांसद बनाया गया था, पर सांसद बनने के बाद राजीव शुक्ला अपना मूल काम छोड़ प्रबंधन में जुट गए और लाल बत्ती प्राप्त कर ली।
अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी द्वारा काफी हद तक कांग्रेस के लिए मीडिया में मोर्चा संभाला हुआ था, किन्तु जब उनका सीडी प्रकरण सामने आया तब उन्हें इस पद से त्याग पत्र देना पड़ा। सिंघवी के त्यागपत्र देने के बाद कांग्रेस का मीडिया प्रभाग लगभग मौन ही हो गया है। तेज तर्रार प्रवक्ता सत्यव्रत चतुर्वेदी की तोप भी खामोशी अख्तिायार किए हुए है। दिग्विजय सिंह के धुर विरोधी सत्यव्रत बहुत सधे कदमों से चल रहे हैं। जल्द ही चतुर्वेदी की ताजपोशी दिग्विजय सिंह के स्थान पर उत्तर प्रदेश प्रभारी महासचिव के बतौर हो सकती है।
कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10, जनपथ (सोनिया गांधी का सरकारी आवास) के भरोसेमंद सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस के मीडिया प्रभाग के चेयरपर्सन जनार्दन द्विवेदी ने पिछले दिनों कांग्रेस में प्रवक्ताओं की कमी का दुखड़ा सोनिया के सामने रोया। द्विवेदी ने मनीष तिवारी के काम पर संतोष नहीं जताया। वहीं राशिद अल्वी और रेनुका चौधरी का प्रदर्शन भी औसत ही आंका गया है।
जैसे ही यह बात कांग्रेस की सियासी फिजां में तैरी वैसे ही प्रवक्ताओं के लिए खेमेबाजी आरंभ हो गई है। प्रवक्ता पद के लिए सत्यव्रत चतुर्वेदी, संजय निरूपम, पी.सी.चाको, मणिशंकर अय्यर के साथ ही साथ मध्य प्रदेश के क्षत्रप सुरेश पचौरी और कमल नाथ का नाम भी सामने आ रहा है। कहा जा रहा है कि पचौरी और नाथ के मीडिया से बेहद करीबी ताल्लुकात हैं, जिनका फायदा कांग्रेस द्वारा उठाया जा सकता है।

मोदी के लिए जेतली हैं सबसे बड़ा खतरा!

मोदी के लिए जेतली हैं सबसे बड़ा खतरा!

सुषमा स्वराज और गड़करी भी हैं पीएम के दावेदार

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। मिशन 2014 में जुटी भारतीय जनता पार्टी द्वारा आम चुनावों में एल.के.आड़वाणी के उपरांत वजीरे आजम कतार में अर्थात पीएम इन वेटिंग के खाली फ्रेम में किसकी तस्वीर फिट की जाए इस बारे में बहस तेज हो गई है। पीएम के दावेदारों में नेता प्रतिपक्ष लोकसभा सुषमा स्वराज, राज्य सभा में विपक्ष नेता अरूण जेतली, भाजपाध्यक्ष नितिन गड़करी भी गुजरात के निजाम नरेंद्र मोदी के साथ ही साथ दबे पांव उम्मीदवारी जतलाने में जुटे हुए हैं।

भाजपा के पितृ संगठन संघ की मंशा कि 75 साल को पार करने वाले सक्रिय राजनीति से किनारा कर लें, के उपरांत एल.के.आड़वाणी, जसवंत सिंह, यशवंत सिन्हा, एम.एम.जोशी आदि का पत्ता कटना तय माना जा रहा है। ज्ञातव्य है कि आड़वाणी अब तक राजग के पीएम इन वेटिंग रहे हैं।

आड़वाणी के उपरांत अब इस पद के लिए नरेंद्र मोदी का नाम सबसे आगे चल रहा है। मोदी की लोकप्रियता को देखकर सभी यह मानकर चल रहे हैं कि आड़वाणी के बाद मोदी का चेहरा आगे कर भाजपा चुनाव लड़ने जा रही है। मोदी भी अपनी बातें मनवाकर अब भाजपा में बारगेनिंग की स्थिति में आ चुके हैं।

मोदी के अलावा अन्य चेहरे जो प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं में नितिन गड़करी भाजपाध्यक्ष होने के नाते स्वाभिवक दावेदार बन रहे हैं। उसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते सुषमा स्वराज की दावेदारी से इंकार नहीं किया जा सकता है। सुषमा स्वराज के करीबी महिला कार्ड खेलकर उनकी दावेदारी को पुख्ता करने में जुटे हुए हैं।

इन सबसे इतर राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेतली दबे और सधे पांव अपनी उम्मदवारी पुख्ता करने में जुटे हुए हैं। भाजपा के अंदर चल रही बयार के अनुसार आड़वाणी के उपरांत जेतली ही नंबर दो पर तेजी से उभर रही है। अरूण जेतली इस समय भाजपा के सबसे ताकतवर ट्रबल शूटर बनकर उभरेे हैं।

भाजपा के निजाम नितिन गड़करी की अनुपस्थिति में अरूण जेतली हो ही पार्टी को संकट में डालने वालों से चर्चा कर उन्हें मनाने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। नरेंद्र मोदी, वसुंधरा राजे और येदियुरप्पा भी जेतली की बातों से इत्तेफाक रखते हैं। पार्टी में जेतली का कद एकाएक तेजी से बढ़ा है।

विपक्ष में जेतली की लोकप्रियता काफी आंकी जा रही है। महिला सांसदों में जया बच्चन, जया प्रदा और कनिमोझी भी जेतली की फेन बताई जाती हैं। कांग्रेस में जेतली की मारपकड़ काफी अधिक है। कपिल सिब्बल और सलमान खुर्शीद भी समय समय पर जेतली से मशविरा करने से नहीं चूकते हैं। हाल ही में सिब्बल ने कापी राईट तो खुर्शीद ने डायवोर्स मामले में जेतली से चर्चा की थी।

धमाकों से दहशत में हैं आदिवासी!


0 घंसौर को झुलसाने की तैयारी पूरी . . .  92

धमाकों से दहशत में हैं आदिवासी!

मनमाने तरीके से हो रही ब्लास्टिंग

(शिवेश नामदेव)

सिवनी (साई)। देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छटवीं सूची में अधिसूचित आदिवासी बाहुल्य घंसौर विकास खण्ड के ग्राम बरेला में स्थापित किए जाने वाले 1260 मेगावाट के कोल आधारित पावर प्लांट में कंट्रोल ब्लास्टिंग के अभाव में दिन रात होने वाले धमाकों से क्षेत्र दहल उठा है।

संयंत्र के सूत्रों का कहना है कि मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के बरेला पावर प्लांट में निर्माण कार्य हेतु घंसौर के एक नेता नुमा ठेकेदार के संरक्षण में सारे कार्य संपादित किए जा रहे हैं। आरोपित है कि इस काम को अंजाम देने वाले निजी ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से सुरक्षा को बलाए ताक रखकर ब्लास्टिंग करवाई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।

सूत्रों ने बताया कि घंसौर के एक नेता नुमा ठेकेदार के संरक्षण में नागपुर के सुनील हाईटेक कंपनी द्वारा गुण्डागर्दी और मनमाने तरीके से काम को अंजाम दिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इसको दी जाने वाली ब्लास्टिंग की अनुमति जिला कलेक्टर सिवनी के कार्यालय में विचाराधीन होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा बरेला में तबियत से धमाके कर ब्लास्टिंग की जा रही है।

सूत्रों की मानें तो उक्त ठेकेदार द्वारा बरेला पावर प्लांट में संयंत्र के अंदर निर्धारित से ज्यादा गहराई तक ब्लास्टिंग के काम को अंजाम दिया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा गुण्डागर्दी के साथ की जा रही ब्लास्टिंग का खामियाजा सीधे सीधे बरेला, गोरखपुर और आसपास के गांव के गरीब गुरबे आदिवासी भुगत रहे हैं।

ग्रामवासियों ने बताया कि उक्त नेता नुमा ठेकेदार के संरक्षण में सुनील हाईटेक कंपनी द्वारा जब मन होता है या सुविधा होती है तब ब्लास्टिंग करवा दी जाती है। नियमानुसार ब्लास्टिंग के पूर्व इसकी मुनादी आसपास के प्रभावित गांवों में पिटवाकर उन्हें खतरे से आगाह करना आवश्यक होता है।

ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए कहा कि निर्धारित से ज्यादा तेज धमाकों से उनके घर हिल रहे हैं। इस तरह की असुरक्षित ब्लास्टिंग का सबसे ज्यादा चिंताजनक पहलू यह है कि क्षेत्र में लोगों के जल स्त्रोत इसके चलते सूख गए हैं। इन तेज धमाकों की गूंज अनुगूंज जिला और पुलिस प्रशासन के कारिंदों को सुनाई अवश्य पड़ती होगी, किन्तु निहित स्वार्थों के चलते वे भी खामोशी अख्तियार करने पर मजबूर प्रतीत हो रहे हैं।

(क्रमशः जारी)

जगन के मामले में ईसी नहीं करेगा हस्ताक्षेप


जगन के मामले में ईसी नहीं करेगा हस्ताक्षेप

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। निर्वाचन आयोग ने वाई एस आर कांग्रेस के प्रमुख जगनमोहन रेड्डी की गिरफ्तारी के मामले में हस्तक्षेप नहीं करने का फैसला किया है। जगनमोहन रेड्डी की मां वाई एस विजयाम्मा ने आंध्रप्रदेश में आगामी उप चुनाव के मद्देनजर आयोग को पत्र भेज कर उनकी रिहाई की मांग की थी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त एस वाई कुरैशी की अध्यक्षता में निर्वाचन आयोग के तीनों सदस्यों ने विजयाम्मा के पत्र पर चर्चा की। पत्र में जगनमोहन रेड्डी की रिहाई के लिए आयोग का निर्देश मांगा गया था।  आयोग का कहना है कि जगन के खिलाफ सी बी आई की अदालत में मामला चल रहा है लेकिन वे सी बी आई की हिरासत में नहीं बल्कि न्यायालय के आदेश के तहत न्यायिक हिरासत में हैं।
उधर, हैदराबाद से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की ब्यूरो ऋतु सक्सेना ने बताया कि हैदराबाद में सीबीआई की विशेष अदालत ने आय से अधिक संपत्ति मामले में सांसद वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी की जमानत अर्जी पर सुनवाई कल तक टाल दी। जगन मोहन रेड्डी ने कल नई जमानत याचिका दाखिल की थी, क्योंकि अदालत ने उनकी पहली जमानत अर्जी खारिज कर उन्हें ११ जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

अल्पसंख्यकों का आरक्षण रद्द


अल्पसंख्यकों का आरक्षण रद्द
(महेश रावलानी)
नई दिल्ली (साई)। केंद्रीय शैक्षणिक संस्थानों और नौकरियों में अन्य पिछड़े वर्ग के आरक्षण में अल्पसंख्यक समुदायों के लिए साढ़े चार प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के खिलाफ केंद्र सरकार उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका दायर करेगी।
कल नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में विधि तथा अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि इस मुद्दे पर अटॉर्नी जनरल की राय ली जाएगी। श्री खुर्शीद ने कहा कि साढ़े चार प्रतिशत कोटा अल्प संख्यकों की आबादी के अनुपात में है और मंडल आयोग की रिपोर्ट पर भी आधारित है।
श्री खुर्शीद ने कहा कि विशेष वर्ग के जो अल्पसंख्यक वर्ग के उसमें समुदाय के लोग हैं। उनके लिए आबादी के अनुपात में सरकार ने हिस्सा रखा है। उन्होंने कहा कि एक बात तो यह है किसी विशेष धर्म से संबंधित नहीं बल्कि अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित लोगों के लिए रखा है और दूसरी बात यह है कि आबादी के अनुपात में रखा है। अनुपात से बढ़कर नहीं रखा है।

बिना शर्त काम पर लौटें तब होगा विचार: सिंह


बिना शर्त काम पर लौटें तब होगा विचार: सिंह

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने फिर कहा है कि एयर इंडिया के हड़ताली पायलटों की मांगों पर तभी विचार किया जाएगा जब वे बिना शर्त काम पर वापस आएंगे। इंडियन पायलट्स गिल्ड (आईपीजी) से मिले २७ मई के पत्र के जवाब में श्री अजित सिंह ने यह बयान दिया है।
अजीत सिंह ने हड़ताल को अवैध करार देते हुए कहा कि यह इलिगल स्ट्राइक है, इसमें बहुत एयर इंडिया की विश्वसनीयता कम हुई है और बेहद धाटा हुआ है। विमानन मंत्री ने कहा कि पायलट्स अपने काम पर वापस आएं और इस पर तभी चर्चा संभव है।
गौरतलब है कि आईजीपी ने अपने पत्र में बर्खास्त किए गए पायलटों की बहाली, आई पी जी को फिर से मान्यता प्रदान करने तथा छह वर्षों में प्रथम ऑफिसर पायलट से कमांडर के पद पर पदोन्नति के आश्वासन की मांग की गई थी । एयर इंडिया ने १०१ पायलटों को बर्खास्त किया है और वह अपनी उड़ानों और विशेषकर आन्दोलन से प्रभावित अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का संचालन सामान्य बनाने के लिए नये पायलटों की सेवाएं लेने पर विचार कर रही है।

मुद्रास्फीती को नियंत्रित करें: सुब्बाराव


मुद्रास्फीती को नियंत्रित करें: सुब्बाराव
(दीपक अग्रवाल)
मुंबई (साई)। भारतीय रिजर्व बैंक के गर्वनर डी सुब्बाराव ने राज्य सरकारों से कहा है कि कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए वस्तुओं की सुचारू सप्लाई की बाधायें दूर करने के उपायों पर विचार करें। कल मुुंबई में राज्यों के वित्त सचिवों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकारों की आपूर्ति संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका है।
रिजर्व बैंक के गर्वनर ने वित्त सचिवों से कहा कि आपूर्ति बढ़ाने के  लिये सार्वजनिक वितरण प्रणाली के बेहतर प्रबधन तथा वस्तुओं की आवाजाही और भंडारण व्यवस्था सुचारू बनाने के नये तरीके शुरू करें। डा. सुब्बाराव ने कहा कि राज्य सरकारों की कर्ज की बढ़ती जरूरतों से निजी क्षेत्र को दिये जाने वाले ऋण में कमी आ सकती है और इससे राजकोषीय संचालन प्रभावित हो सकता है।

सीरिया का बायकाट आरंभ


सीरिया का बायकाट आरंभ
(सोहेल अहमद)
दोहा (साई)। अमरीका, ब्रिटेन और जर्मनी समेत अनेक देशों ने अपने यहां तैनात सीरिया के राजदूतों को निष्कासित कर दिया है। सीरिया के हौला में हुई नरसंहार की घटना के बाद यह कार्रवाई की गई है। इस घटना में ३४ बच्चों समेत १०८ लोग मारे गये थे। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को प्राप्त जानकारी के अनुसार सीरिया की स्थिति पर चर्चा के लिये अरब देशों के विदेश मंत्रियों की शनिवार को दोहा में बैठक हो रही है जिसमें कोफी अन्नान भी मौजूद होंगे।
सीरिया के होम्स प्रांत के हौला गांव में हुए नरसंहार के विरोध में अनेक पश्चिमी देशों ने अपने यहां से सीरिया के राजदूतों को देश छोड़कर जाने को कहा है। अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैड, स्पेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, बुल्गारिया इनमें शामिल है।
उधर, दमिश्क में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत कोफी अन्नान ने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद से फौरन खून-खराबा रोकने की अपील की। उन्होंने ही विपक्षी गुटों से तत्काल हिंसा रोकने को कहा। सीरियाई टेलिवीजन के अनुसार राष्ट्रपति असद ने एक बार फिर कहा कि छह सूत्री अन्नान योजना की सफलता आतंकवादी हरकतों की समाप्ति और उन्हें शह देने से बाज आने पर ही संभव हो सकती है।

एशवर्य का आईआईटी में चयन

एशवर्य का आईआईटी में चयन

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। जिला चिकित्सालय सिवनी में पदस्थ डाॅ.पुरूषोत्तम सूर्या एवं श्रीमति अंजूषा सूर्या के सुपुत्र एश्वर्य का चयन देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिेंग संस्था आईआईटी 2012 में प्रथम स्थान पर हुआ है। एश्वर्य के चाचा राकेश व्हीकल फेक्टरी जबलपुर में ज्वाईंट जनरल मैनेजर एवं वेद प्रकाश दिल्ली में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। एश्वर्य की इस सफलता पर समस्त चिकित्सकों, परिजनों ने उन्हें बधाई देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।