शनिवार, 22 सितंबर 2012

आखिर चीता कैसे भागता है तेज


आखिर चीता कैसे भागता है तेज

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। चीता सबसे तेज दौड़नेवाला जानवर है। उसकी गति के आगे अन्य पशु हार मान लेते हैं। लेकिन क्या आपको चीते की इस तेज गति का राज पता है? जापान के शोधकर्ताओं ने मिलकर इस गुत्थी को सुलझा लिया है। शोध में शामिल वैज्ञानिकों का कहना है कि दौड़ता हुआ चीता ठीक पिछले पहियों की ताकत से चलने वाली रियर व्हील ड्राइव कार की तरह होता है।
चीते की मांसपेशियों के फाइबर मैपिंग से यह बात सामने आयी है। घरेलू बिल्ली और कुत्ते से चीते की मांसपेशियों की तुलना करने पर वैज्ञानिकों को पता चला कि चीते को रफ्तार देने वाली विशेष शक्ति पिछले हिस्से की मांसपेशियों से मिलती है। मांसपेशियों के अलग-अलग फाइबर अलग-अलग कामों के लिए होते हैं। सभी तरह के जीवों में टाइप वन फाइबर थोड़ी सी शक्ति प्रदान करने का काम करते हैं। वहीं टाइप टू ए फाइबर तेज कदमों से चलने में मददगार साबित होते है।
यह फास्ट शक्ति प्रदान करता है, जिससे तेज और सरपट दौड़ने में मदद मिलती है। चीते की विभिन्न मांसपेशियों के फाइबर की मैपिंग से जानवरों के दौड़ लगाने की क्षमता के बारे में अहम जानकारी हासिल हुई है। चीते के फाइबर की मैपिंग में ये पाया गया है कि उसके अगले पैरों में बिल्ली और कुत्ते की तरह टाइप वन के फाइबर मिले जबकि पिछले पैरों में टाइप टू एक्स फाइबर मिले। वैज्ञानिकों का मानना है कि चीते में रफ्तार इन्हीं पिछले पैरों से आती है।

कोई टिप्पणी नहीं: