शुक्रवार, 26 अक्तूबर 2012

कृष्णा की हो गई बिदाई

कृष्णा की हो गई बिदाई

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। केंद्र सरकार के संभावित मंत्रीमण्डल फेरबदल की अब तैयारियां मुकम्मल हो गई हैं। केंद्रीय विदेश मंत्री सोमनहल्ली मलैया कृष्णा की बिदाई की खबरों के साथ अब मंत्रियों की धड़कने भी बढ़ गई हैं। पता नहीं किसे रविवार को अपने पद से हाथ धोना पड़ सकता है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह इस्तीफा केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल से ठीक पहले आया है। खबर है कि रविवार को मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जा सकता है। इस्तीफे के कारणों का अभी पता नहीं चला है लेकिन माना जा रहा है कि रविवार को होने वाले फेरबदल में उन्हें पद से हटाया जा सकता था।
कांग्रेस पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक कृष्णा को कर्नाटक कांग्रेस में अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। कृष्णा वोक्कालिगा हैं जो प्रदेश के जातिगत समीकरणों के लिहाज से खासी ताकतवर जाति मानी जाती है। कृष्णा प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस में उनकी भूमिका पार्टी के लिए खासी अहम साबित हो सकती है।
कृष्णा के अलावा अब और भी मंत्रियों के पर कतरने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। इस बार के मंत्रीमण्डल विस्तर में राहुल की छाया दिखने की उम्मीद जताई जा रही है। राहुल गांधी द्वारा मनमोहन सिंह को सर बोला जाएगा या नहीं यह बात अभी भविष्य के गर्भ में ही है।

कोई टिप्पणी नहीं: