बुधवार, 2 जनवरी 2013

फिर कपकपाया शीत लहर ने


फिर कपकपाया शीत लहर ने

(पीयूष भार्गव)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली सहित उत्तर भारत में जारी शीत लहर से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। जम्मू-कश्मीर में तापमान जमाव बिन्दु से नीचे चले जाने से समूची घाटी ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में और कमी आने का अनुमान है। कोहरे से रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित है। राजधानी दिल्ली में भी शीत लहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। मौसम कार्यालय ने बताया है कि कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के जम्मू ब्यूरो से विनोद नेगी ने भारतीय वायूसेना के सूत्रों के हवाले से बताया कि भारतीय वायुसेना ने जम्मू और लद्दाख क्षेत्र में फंसे दो सौ तीन लोगों को कल लेह कस्बे से जम्मू पहुंचाया। जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में फंसे हुए यात्रियों को हवाई जहाज के रास्ते उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कल भारतीय हवाई फौज के जहाजों को सेवा में लगाया गया।
सूत्रों ने आगे बताया कि भारतीय हवाई जहाज की एक विशेष उड़ान आईएल ७६ को कल इस काम में लगाया गया, जिसने २०३ फंसे हुए यात्रियों को पहले कारगिल से लेह पहुंचाया और फिर उनको जम्मू में सुरक्षित उनके गन्तव्य तक पहुंचाया गया। हालांकि खराब मौसम और भारी धुंध के कारण जम्मू में फंसे हुए यात्रियों को लेह नहीं पहुंचाया जा सका।
वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में भी लगातार हिमपात होने की खबर है। हिमाचल समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से रीता वर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में धौलाधार पर्वतमाला में कांगड़ा और किन्नोर जिले के ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात हो रहा है।
देश भर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार कमोबेश हर जगह ठण्ड के कहर की खबर है। देश के हृदय प्रदेश में साई न्यूज ब्यूरो से नन्द किशोर ने समाचार दिया है कि राज्य में कुछ स्थानों पर पानी भी गिरा है जिससे तापमान में कमी दर्ज की गई है।
वहीं दूसरी ओर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में समूचे क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है और दृश्यता कम होने के कारण यातायात में व्यवधान आया है। राजस्थान में कई स्थानों पर तापमान में भारी गिरावट आई है। चुरू में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया और शून्य दशमलव सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया है। राज्य में हाल की ठंड से एक सौ लोग मारे जा चुके हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर निर्धनों के लिए अलाव की व्यवस्था की गई है।
यूपी साई ब्यूरो से दीपांकर श्रीवास्तव ने बताया कि शीतलहर से प्रभावित क्षेत्रों में सरकार गरीबों और जरूरतमंदों को कंबल बांटने का काम तेज कर दिया है। बैरकों के बाहर अलाव भी जलाए गए हैं। पश्चिमी उत्तरप्रदेश के अधिक प्रभावित जिलों में रैन बसेरों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। आगरा कल प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले २४ घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की है।

कोई टिप्पणी नहीं: