सोमवार, 7 अप्रैल 2014

भारत डेविस कप वर्ल्ड प्ले समूह के लिए क्वॉलिफ़ाइ किया

भारत डेविस कप वर्ल्ड प्ले समूह के लिए क्वॉलिफ़ाइ किया

(आकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। भारत की डेविस कप टीम ने कोरिया पर उसकी ही सरजमीं पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ में प्रवेश किया। सोमदेव देववर्मन ने रविवार को एशिया ओसनिया के मुकाबले में योंग क्यू लिम को हरा दिया। सोमदेव ने पहला उलट एकल 6-4 , 5-7 , 6-3 , 6-1 से अपने नाम किया, जिससे भारत 3-1 से जीत गया। इस जीत के साथ ही दूसरा उलट एकल का कोई मतलब नहीं रह गया और उसे रद्द कर दिया गया।
भारतीय टीम के सदस्य सनम सिंह ने ट्वीट किया, ‘सोमदेव देववर्मन ने शानदार प्रयास किया और हमें कोरिया के खिलाफ जीत दिलायी।रोहन बोपन्ना ने भी ट्वीट किया, ‘आक्रामक सोमदेव।बोपन्ना ने शनिवार को महत्वपूर्ण युगल में साकेत मायनेनी के साथ मिलकर जीत दर्ज की थी और भारत को बढ़त दिलायी थी।

सोमदेव ने पहले दिन भी कठिन मुकाबले में जीत हासिल की थी। भारत के नंबर एक खिलाड़ी सोमदेव को उनके कभी हार नहीं मानने के जज्बे के लिये काफी सराहा जाता है और रविवार को फिर उन्होंने कोरिया के शीर्ष एकल खिलाड़ी के खिलाफ ऐसा ही खेल दिखाया। लिम ने शुरुआती एकल मैच में सनम सिंह को पराजित किया था, लेकिन वह सोमदेव के सामने नहीं टिक सके। भारत ने इस जीत के साथ ही कोरिया के खिलाफ अपने ओवरऑल रिकार्ड में भी सुधार किया, जो अब 4-6 हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: