रविवार, 25 दिसंबर 2011

ईशू के जन्मोत्सव पर मची है चहुंओर धूम


ईशू के जन्मोत्सव पर मची है चहुंओर धूम



(मिराज़ अहमद)

नई दिल्ली (साई)। क्रिसमस का त्यौहार आज देश और विदेशों में धार्मिक हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दुनिया भर के हजारों इसाई तीर्थ यात्री और पर्यटक बैथलेहेम पहुंच गये हैं जहां दो हजार वर्ष पहले ईसा मसीह का जन्म हुआ था। एक हजार सात सौ वर्ष पुराने चर्च ऑफ द नैटिविटी में मध्यरात्रि प्रार्थना सभा आयोजित की गई। भारत में मसीही समाज के धर्मावलंबी आज क्रिसमस का त्योहार बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मना रहे हैं।
इस अवसर पर आज देश में राजधानी दिल्ली सहित अनेक स्थानों पर विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। साईके पणजी संवाददाता ने बताया कि गोवा में अंतर्राष्ट्रीय शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए सभी गिरजा घरों में आधी रात को प्रार्थना सभाएं हुईं। गोवा में भगवान यीशू के जन्म का दृश्य दर्शाने वाली क्रिप जगह-जगह तथा घर-घर में बनाए गए हैं।
गोवा के प्रार्थना घर चौपल्स क्रिश्चिनधर्मियों के घर तथा अन्य स्थानों को रोशनी से सजाया गया है जो दृश्य बड़ा मनोरम लग रहा है। देश के अन्य राज्यों में तथा विदेशों में रह रहे क्रिश्चिन लोग क्रिसमस मनाने हेतु गोवा आ गए हैं। गोवा के आर्चबिशप फिलिप नैरीफेराओं, राज्यपाल के शंकर नारायणन और मुख्यमंत्री दिगंबर कामत ने गोवा की जनता को क्रिसमस त्यौहार की बधाई दी है।
त्रिपयार से साईसंवाददाता ने बताया कि केरल में आधी रात को प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। समूचे केरल में आज के दिन लोगों में बेहद ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों को क्रिसमस ट्री और फूलों से सजाया गया है। उधर मिजोरम में भी क्रिसमस समारोह की धूम है। क्रिसमस के मौके पर आज मिजोरम में उत्सव का माहौल है। लोग एक-दूसरे को उपहार देकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। कल आधी रात से मिडनाइट मास्क के साथ ही लोगों ने त्यौहार मनाना शुरू कर दिया। राज्य प्रशासन ने इस मौके पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं और राज्य के हर हिस्से में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी चौकसी बरती जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: