रविवार, 21 अक्तूबर 2012

हिमाचल की सीमाओं पर आयोग की कड़ी नजर


हिमाचल की सीमाओं पर आयोग की कड़ी नजर

(स्वाति नाडकर्णी)

शिमला (साई)। हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों से ४० लाख रूपये से ज्यादा अवैध रकम जब्त किये जाने को देखते हुए, निर्वाचन आयोग राज्य से लगी सीमाओं, खासकर पंजाब की सीमा पर कड़ी नजर रख रहा है। राज्य में ४ नवम्बर को विधानसभा की सभी ६८ सीटों के लिए मतदान होगा।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि चुनाव के दौरान धनबल का दुरूपयोग रोकने के लिए पांच विधानसभा क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहां खर्च पर निगरानी के लिए पर्यवेक्षक तैनात किये जाएंगे। इनमें ऊना, हरोली और सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुुनाव पर निगरानी के लिए २६ सामान्य और एक पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किया जायेगा।
ज्ञातव्य है कि प्रदेश के ६० सीटों के लिए अब १४ दिन शेष रह गए हैं और चुनाव प्रचार ने तेजी पकड़ ली।  जहां एक ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वीरभद्र सिंह तथा केंद्रीय वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने प्रचार की कमान संभाली है, वहीं मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, भाजपा अध्यक्ष शांता कुमार और भाजपा महासचिव जगत सिंह नंदा चुनाव प्रचार में जुटे हैं। विभिन्न दलों के मुख्य प्रचारक के प्रदेश में जल्द आने की संभावना है।
कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी का कल मंडी में आने का कार्यक्रम है, जहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रदेश के अधिकांश भागों में इस समय धान और मक्के की कटाई चल रही है, जिसके कारण चुनाव सभाओं में अभी भीड़ नजर नहीं आई रही तथा उम्मीदवार घर-घर जाकर वोटरों को लुभाने में लगे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: