बुधवार, 12 सितंबर 2012

गुटखे के बाद अब प्लास्टिक बैन की शीला ने


गुटखे के बाद अब प्लास्टिक बैन की शीला ने

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली की निजाम श्रीमति शीला दीक्षित अब पर्यावरण मित्र बनती जा रही हैं। दिल्ली सरकार ने प्लास्टिक के थैलियों के निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। यह फैसला कल मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। सरकारी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पर्यावरण और स्थानीय पारिस्थितिकी पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को देखते हुए इस पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया है।
ज्ञातव्य है कि पर्यावरण समर्थक संगठन काफी समय से दिल्ली में प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते रहे हैं। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सरकार ने जनवरी २००९ में विभिन्न बाजारों, शॉपिंग मॉल्स, होटलों और अस्पतालों में प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन इसका अच्छा परिणाम नहीं निकला।
सरकार ने अब पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम १९८६ के अनुसार प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पांच वर्ष तक की सजा के साथ एक लाख रूपए तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। दोनों सजाए एक साथ भी दी जा सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं: