मंगलवार, 11 दिसंबर 2012

गुजरात में आज होंगे प्रथम चरण के ढोल मंजीरे शांत


गुजरात में आज होंगे प्रथम चरण के ढोल मंजीरे शांत

(जलपन पटेल)

अहमदाबाद (साई)। गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिए प्रचार अपने चरम पर है। प्रचार-कार्य आज शाम समाप्त हो जाएगा। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात तथा अहमदाबाद जिले के कुछ हिस्सों में  ८७ निर्वाचन क्षेत्रों में १३ दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि सभी राजनीतिक दलों के नेता जोरशोर से प्रचार में जुटे हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस के चुनाव प्रचार की कमान पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने संभाली जबकि पार्टी के युवा नेता राहुल गांधी आज राज्य में तीन जनसभाएं कर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा की तरफ से पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी के साथ अनेक राष्ट्रीय और प्रदेश नेता चुनाव प्रचार में उतरे, लेकिन जनसभाओं में मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी छाए रहे।
भाजपा ने राज्य में विकास और केंद्र की तरफ से राज्य के अन्याय को मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया। जबकि कांग्रेस ने भाजपा के विकास के दावे को भ्रामक बताकर राज्य में विकास के फल, गांव और समाज के सभी वर्गों तक नहीं पंहुचाने का आरोप लगाया। राज्य में दूसरे चरण में ९५ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान १७ दिसम्बर को होगा। वोटों की गिनती बीस दिसम्बर को की जायेगी।
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। गुजरात के सौराष्ट्र और दक्षिणी क्षेत्र के १५ जिलों की ८७ सीटों पर १३ दिसम्बर को मतदान होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसर इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदानकर्मी आज से फोटो मतदाता पर्चियां बांटना शुरू कर देंगे।
राज्य के विभिन्न अंचलों से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम चरण के चुनाव वाले क्षेत्रों में फोटोयुक्त मतदान पहचान पर्ची का वितरण आज से शुरू हो रहा है। संबंधित मतदान केन्द्र के बूथ लेवल अधिकारी इस हेतु लगाए हैं जो मतदाताओं को घर-घर जाकर यह पर्ची उपलब्ध कराएंगे। राज्य में ऐसा पहली बार हो रहा है। इस पर्ची में मतदान केन्द्र का ब्यौरा भी दर्ज है। राज्य में ९९ प्रतिशत से ज्$यादा मतदाताओं को फोटोयुक्त पहचान पत्र वितरित किया जा चुका है।
इस बीच, गांधीनगर जिले में निर्वाचन अधिकारियों ने राजस्व मंत्री आनन्दीबेन पटेल को प्रचार के दौरान हुआ खर्च कम करके बताने के लिए नोटिस जारी किया। निर्वाचन अधिकारियों ने कांग्रेस उम्मीदवार रमेश दूधवाला और बहुजन समाज पार्टी के गोघा राजू को भी नोटिस जारी किया। उनसे नोटिस जारी करने के तीन दिन के भीतर खर्च पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। आणन्द जिले में निगरानी दल ने बीजेपी के नेता और पूर्व विधायक से डेढ़ लाख रूपये बरामद किये।

कोई टिप्पणी नहीं: