गुरुवार, 21 फ़रवरी 2013

शिमला : सेव वाटर रैली का आगाज


सेव वाटर रैली का आगाज

(रीता वर्मा)

शिमला (साई)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यहां अपने सरकारी आवास ओक ओवर से देश के अग्रणी केन्द्रीय विश्वविद्यालय जामिया मीलिया इस्लामिया द्वारा आयोजित सेव वाटर-सेव अर्थसाइकिल रैली-2013 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह रैली जिस उद्देश्य के लिए आयोजित की जा रही है, वह न केवल प्रदेश एवं राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि समूचे विश्व के लिए भी उतनी ही जरूरी है।
उन्होंने इस साइकिल रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को बधाई दी। जामिया मीलिया द्वारा आयोजित यह 12 दिवसीय साइकिल रैली प्रदेश के नारकंडा से दिल्ली तक आयोजित की जा रही है। यह रैली एनएसएस, एनसीसी, केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा राज्य के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
रैली में 26 छात्र तथा 13 स्टाफ सदस्य और दो चिकित्सक भाग ले रहे हैं। 26 छात्रों में 20 लड़के और 6 लड़कियां शामिल हैं। यह रैली लगभग 452 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा तथा चंडीगढ़ से गुजरेगी। रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता उत्पन्न करना और छात्रों का चरित्र एवं व्यक्तिगत विकास तथा विभिन्न क्षेत्रों की जैविक एवं पादप जानकारी बढ़ाना है।
विधायक कुलदीप कुमार, रोहित ठाकुर, नंद लाल और अनिरूद्ध सिंह, राज्य सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष हर्ष महाजन, राज्य पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तथा प्रधान सचिव युवा सेवाएं एवं खेल वी.सी. फारका, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव तथा निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल कमल शर्मा, प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वाइल्ड लाईफ) बदरूल इस्लाम, संयुक्त निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल श्रीमती सुमन रावत तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: