गुरुवार, 21 फ़रवरी 2013

मीडिया को नहीं बख्शा ममता ने!


मीडिया को नहीं बख्शा ममता ने!

(प्रतुल बनर्जी)

कोलकता (साई)। पश्चिम बंगाल की कुर्सी संभालने के उपरांत ममता बनर्जी को पता नहीं क्या हो गया है, वे अचानक ही अपना आपा खोने लगी हैं। हाल ही में पत्रकारों से रूबरू ममता बनर्जी ने एक पत्रकार की जमकर खबर ली, और उसे किसी पार्टी विशेष का प्रतिनिधि होने की बात भी परोक्ष तौर पर कह डाली। वैसे मीडिया में गैर प्रशिक्षित और निहित स्वार्थ के लोगों के जुड़ने से इस तरह की घटनाएं भविष्य में और तेजी से सामने आ सकती हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज एक बार फिर अपना आपा खो बैठीं जब एक संवाददाता ने उन्हें बताया कि मजदूर संघों की हडताल का राज्य में आंशिक प्रभाव पडा है। ममता ने अपना आपा खो दिया और कहा, ‘‘आप किस मीडिया समूह से हैं? आप किसी खास मीडिया समूह से हैं, इसलिये आप इस तरह के सवाल पूछ रहे हैं। कृपया जाकर उन बाजारों को देखिये।’’ संवाददाता ने ममता से कहा था कि दुकानें एवं बाजार बंद थे और अधिकांश बसें एवं टैक्सी सडकों से नदारद थे।
संवाददाता के जिरह करने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘क्या आप यहां अपने दल का विचार बताने आये हैं? आप अपनी सीमा लांघ रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप अपने अखबार की नीतियों के अनुसार अपने विचार रख सकते हैं। यह आपका व्यवसाय है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘माकपाई चौनलों के कई लोग यहां आते हैं। लेकिन मैंने कभी उन्हें गर्दन पकड कर धकियाने को नहीं कहा।’’हाल ही में ममता ने माटी उत्सवके दौरान एक फोटोग्राफर को थप्पड मारने की चेतावनी दी थी।

कोई टिप्पणी नहीं: