सोमवार, 25 मार्च 2013

कैथल : जैविक खेती को अपनाएं किसान: सुरजेवाला


जैविक खेती को अपनाएं किसान: सुरजेवाला

(ब्यूरो कार्यालय)

कैथल (साई)। हरियाणा के लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने किसानों से अनुरोध किया कि वे खेती में रासायनिक खादों व कीटनाशकों का उपयोग कम से कम करते हुए जैविक खेती को अपनाएं तथा परंपरागत खेती को छोड़कर खेती के विविधिकरण पर ज्यादा जोर दें, जिससे उन्हें ज्यादा लाभ मिलेगा। रणदीप सिंह सुरजेवाला आज नई पुलिस लाईन में उत्तर-पश्चिम क्षेत्रीय दो दिवसीय राज्य स्तरीय किसान मेले के उद्घाटन के बाद किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला कैथल के किसान हमेशा से प्रगतिशील व तरक्की के प्रेमी रहे हैं, जो खेती में नई तकनीक का उपयोग करके ज्यादा से ज्यादा उत्पादन लेते हैं। जिला के किसानों का हरियाणा के उत्पादन में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज देश के अन्न उत्पादन में 30 प्रतिशत योगदान दे रहा है। ज्यादा अन्न उत्पादन का श्रेय प्रदेश के मेहनती किसानों व किसानों द्वारा अपनाई जा रही नई तकनीकों को जाता है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में धान का भरपूर उत्पादन होता है। पूंडरी के नजदीक कौल में धान अनुसंधान केंद्र में भी किसानों को फसल संबंधि तकनीकी जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि कचरे से ऊर्जा उत्पादन की नई तकनीक को किसान मेले में प्रदर्शित किया गया है। किसान इस प्रदर्शनी में कृषि के आधुनिक उपकरणों तथा नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए कृषि के क्षेत्र में और ज्यादा प्रगति कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में आए हुए किसान व ग्रामीण प्रतिनिधि अपने-अपने गांव में जाकर किसान मेले की नई तकनीकों के बारे में ज्यादा से ज्यादा किसानों को बताएं तथा इस मेले में आए कृषि वैज्ञानिकों से वाद-विवाद करते हुए कृषि संबंधि ज्यादा से ज्यादा ज्ञान हासिल करें। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि कुछ समाचार पत्रों ने जल संरक्षण व बेटी बचाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों को इस मेले में शानदार ढंग से उठाया है। इस मुहिम को बहुत से लोगों का समर्थन हासिल हुआ है। जल संरक्षण करना हम सबकी जरूरत है, वरना जल की कमी से समस्त मानवता को मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा। हरियाणा प्रदेश के दक्षिण क्षेत्र में आज भी पानी की बहुत कमी है, क्योंकि वहां भूमिगत जल स्तर काफी नीचे चला गया है। इसलिए हमें जल का उपयोग खेती व अन्य साधनों में किफायत से करना होगा तथा जल के महत्व को समझना होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने रात्रि ठहराव कार्यक्रमों के माध्यम से भी जल संरक्षण के बारे में नाटकों व अन्य उपायों से जागरूक करने का अभियान चलाया है। उन्होंने प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्र में उनके घरद्वार पर जाकर बहुत सी समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है। लोक निर्माण मंत्री ने किसान मेले के उद्घाटन के पश्चात मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
जिला उपायुक्त चंद्रशेखर ने लोक निर्माण मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि कैथल में पहली बार किसान मेला आयोजित किया गया है। इस कृषि मेले में किसानों को नई-नई कृषि तकनीकों के साथ-साथ जल संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला की प्रेरणा से आयोजित राज्य स्तरीय किसान मेले से किसानों को कृषि संबंधि नई तकनीक का ज्ञान मिलने से लाभ होगा। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक देवेंद्र सिंह ने कहा कि  इस किसान मेले से यमुनानगर, अंबाला, कुरूक्षेत्र, पानीपत, करनाल, कैथल, जींद, फतेहबाद से किसान पहुंचे हैं। किसानों के लिए किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया है, जिसमें कृषि वैज्ञानिक किसानों की विभिन्न समस्याओं को दूर करेंगे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह यादव, जिला परिषद के चेयरमैन नाजर सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त दिनेश सिंह यादव, एसडीएम हवा सिंह, नगराधीश पूजा चावरिया, जिला राजस्व अधिकारी राजबीर धीमान, उपकृषि निदेशक सुरेंद्र यादव, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश कोथ, रामनिवास मित्तल सहित अन्य जिलों से आए किसान उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: