मंगलवार, 19 मार्च 2013

मध्यप्रदेश को दो राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कारों से राष्ट्रपति द्वारा नवाजा गया


मध्यप्रदेश को दो राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कारों से राष्ट्रपति द्वारा नवाजा गया

(प्रदीप चौहान)

नई दिल्ली (साई)। पर्यटन के क्षेत्र मंेे श्रेष्ठ कार्यों और पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए मध्यप्रदेश को वर्ष 2011-12 के राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कारों से नवाजा गया। पहला पुरस्कार मांडू नगर पालिका जिला धार को श्रेणी के शहर में बेहतर स्वच्छ प्रबंधन और पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए और दूसरा बेहतर नवाचार तथा पर्यटन के क्षेत्र में अनूठे प्रयोग-एयर टैक्सी के लिए मध्यप्रदेश को यहां विज्ञान भवन मंे आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कारों से सम्मानित किया। 23वे राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय पर्यटन राज्य मंत्री डॉ0 के0 चिरंजीवि ने की। केन्द्रीय पर्यटन सचिव परवेज दीवान और केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर मौजूद थे।
मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह और प्रमुख सचिव पर्यटन एस.पी.एस. परिहार ने मांडू शहर के बेहतर स्वच्छ प्रबंधन, लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त किया। मांडू नगर पालिका ने शहर के चहुमुखी विकास का कार्य बड़ी बखूबी से निभाया है। नगर पालिका ने स्थानीय लोगों को इस कार्य में शामिल कर एक अभिनव प्रयास किया है। नगर पालिका ने न केवल मांडू शहर को साफ रखा है बल्कि आम लोगों में पर्यावरण के प्रति सजग किया है। मांडू की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को मांडू नगर पालिका ने संरक्षित किया है।
पर्यटन के क्षेत्र में अनूठे प्रयोग-एयर टैक्सी के लिए राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डॉ0 मोहन यादव और प्रबंध संचालक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया। मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने राज्य के अंदर एयर टैक्सी सेवा शुरू करने का अनूठा कार्य किया है। यह सेवा मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम और मैसर्स वेन्चूरा एयर कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त प्रयासों से सम्भव हो पाया है। एयर टैक्सी प्रोजेक्ट न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा बल्कि पर्यटन से जुड़ी व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। इनके अलावा वन्य जीवों, खेल, एडवेन्चर टूरिज्म, धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा देगा। एयर टैक्सी के माध्यम से प्रदेश के सुदूर इलाकों का भी भ्रमण किया जा सकेगा और इससे होटल व्यवसाय तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी व्यवसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। 

कोई टिप्पणी नहीं: