शुक्रवार, 5 अप्रैल 2013

विक्षिप्त ने की नौ लोगों की हत्या


विक्षिप्त ने की नौ लोगों की हत्या

(अभय नायक)

रायपुर (साई)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक विक्षिप्त व्यक्ति ने कुल्हाड़ी मारकर नौ लोगों की हत्या कर दी है। मरने वालों में चार महिलाएं और पांच बच्चियां शामिल है। बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक जीएस दरे ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामरी गांव में 35वर्षीय पांडु नगेशिया ने कुल्हाड़ी मारकर नौ लोगों की हत्या कर दी है।
दरे ने बताया कि गांव के पुरुष जब करीब के खदान में कार्य करने के लिए गए हुए थे तब आज दोपहर बाद लगभग डेढ़ बजे पांडु नगेशिया महिलाओं के घरों में पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। इस हमले में चार महिलाएं और पांच बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद पांडु स्वयं को एक कमरे में बंद कर लिया था। वहीं इस घटना की जानकारी जब अन्य ग्रामीणों को हुई तब उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पांडु को गिरफ्तार कर लिया।
दरे ने बताया कि पुलिस ने पांडु से हथियार भी बरामद कर लिया है। तथा उससे पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक पांडु विक्षिप्त है। इधर बलरामपुर जिले के कलेक्टर सीआर प्रसन्ना ने बताया कि जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि प्रदान की है।

कोई टिप्पणी नहीं: