शुक्रवार, 5 अप्रैल 2013

फिर करोड़ों की घोषणाएं कर गए घोषणावीर मुख्यमंत्री


फिर करोड़ों की घोषणाएं कर गए घोषणावीर मुख्यमंत्री

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। घोषणावीर के रूप में मशहूर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान विगत दिनों अपने लखनादौन के प्रवास पर आये थे, वहां उन्होंने करोड़ों रूपये की नई योजनाओं की घोषणा की, कई करोड़ों की योजनाओं के भूमिपूजन भी किये। मजे की बात तो यह थी कि कई घोषणा ऐसी भी थी जो कि पूर्व में ही इनके श्रीमुख से निकल चुकी थीं। सभी को लग रहा था कि लखनादौन को जिला घोषित किया जा सकता है और एक तबका सिवनी में इस बात की हवा गर्म करने में भी लगा हुआ था, जो कि सुबह से चौक- चौराहों में घूम- घूमकर यह भ्रामक खबर फैला रहा था।
लखनादौन को जिला बनाये जाने की बात से सिवनीवासी दहशत में दिखाई दिये, क्योंकि बीते कुछ वर्षाे में इतना कुछ छिन जाने के बाद सभी को डर सताने लगा था कि कई पड़ोस में एक और जिला तैयार हो जाये तो बची कुची भी साख समाप्त हो जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान काफी हां-ना, हां- ना के बाद सिवनी जिले में पधारे हैं और वह भी लखनादौन तहसील में इसलिए कि यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां न तो कांग्रेस भारी है न भाजपा, बल्कि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मुनमुन राय का गढ़ माना जाता है और वर्तमान में उनकी मां नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज है, जिन्हें मुख्यमंत्री के द्वारा विकास कार्य के लिये 01 करोड़ रूपये भी स्वीकृत किये गये। शिवराजसिंह चौहान के सिवनी नगर में आने का लोगों को उत्सुकता से इंतेजार है क्योंकि यहां किये गये कई वादे अब भी अधूरे पड़े हैं और फोरलेन संभाग, पेंच व्यपवर्तन और अन्य समस्याएं जस की तस बनी हुई है। देखना है कि सिवनी आकर वे घोषणा करते हैं या फिर पुरानी समस्याओं का समाधान..

कोई टिप्पणी नहीं: