गुरुवार, 8 नवंबर 2012


कोई भी हाईजेक कर सकता है इंडिगो विमान!

(दीपक अग्रवाल)

मुंबई (साई)। देश में उड़ने वाले इंडिगो विमानों के अंदर सुरक्षा के प्रबंध नाकाफी ही कहे जा सकते है। हाल ही में देश की व्यवसायिक राजधानी मुंबई से राजनैतिक राजधानी दिल्ली जाने वाले इंडिगो विमान के अंदर के नजारे को देखकर कहा जा सकता है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम ना होने के कारण इसे आसानी से हाईजेक किया जा सकता है।
मुंबई से दिल्ली जा रहे इंडिगो विमान में सवार एक यात्री कथित रुप से हिंसक हो गया और उसने विमान में हंगामा किया।
विमान के अंदर के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि विमान में बैठा एक यात्री अचानक उठा और अन्य यात्रियों को धमकाने लगा। वह बोला कि सब लोग इस्लाम कबूल करो नहीं तो वह विमान को उड़ा देगा। इस वाकये से यात्री सहम गए। इस दौरान उस व्यक्ति ने अपने जेब से मोबाइल निकाला और मोबाइल दिखाते हुए कहने लगा कि वह इस विमान को उड़ा देगा।
सूत्रों ने यह भी बताया कि इस दौरान बीच बचाव करने पहुंची एक एयरहोस्टेस को भी उसने चांटा जड़ दिया। मौका देख विमान में सवार यात्रियों ने उस व्यक्ति पर काबू पा लिया।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के दिल्ली ब्यूरो से सुमित माहेश्वरी ने बताया कि जब यह विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशलन हवाई अड्डे पर उतरा तो अधिकारियों को इस यात्री को सुरक्षाकर्मियों को सौंपना पडा। सूत्रों ने कहा कि यात्री का पहचान मोहम्मद मुस्लिम शेख के रुप में हुई है और वह मुंबई से इंडिगो विमान संख्या 6196 में सवार हुआ था लेकिन अचानक से वह हिंसक हो गया और उसने चिल्लाना शुरु कर दिया। यह प्रकरण दर्शाता है कि इंडिगो की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था कितनी चाक चौबंद है।

कोई टिप्पणी नहीं: