सोमवार, 9 जुलाई 2012

नर्मदापुरम् के 15 निर्माण कार्यों के लिए 64.72 करोड़ से अधिक की राशि


नर्मदापुरम् के 15 निर्माण कार्यों के लिए 64.72 करोड़ से अधिक की राशि

भोपाल (साई) नर्मदापुरम् संभाग के 15 निर्माण कार्यों के लिए 64 करोड़ 72 लाख 28 हजार की राशि मंजूर की गई है। इस राशि से 103.49 किलोमीटर लम्बाई की सड़क का निर्माण किया जायेगा। साथ ही चार पुलिया भी बनवाई जायेगी।
हरदा जिले में छह सड़क निर्माण कार्य पर 37 करोड़ 24 लाख 33 हजार रुपये व्यय किये जायेगे। इससे 60.85 किलोमीटर लम्बाई की सड़क बनेगी। इसी प्रकार बैतूल जिले की चार सड़क पर 19 करोड़ 13 लाख 92 हजार की राशि से निर्माण करवाया जायेगा। इस राशि से 32.64 किलोमीटर लम्बाई की सड़क बनवाई जायेगी। होशंगाबाद जिले में 10 किलोमीटर लम्बाई की सड़क पर 7 करोड़ 47 लाख 5 हजार और चार पुलियों के लिए 86 लाख 98 हजार की राशि का व्यय होगा। इन निर्माण कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग की स्थायी वित्तीय समिति ने प्रशासकीय स्वीकृति जारी करने की अनुशंसा की है।
हरदा जिले की छह सड़क
हरदा जिले की छह सड़क में सिगौन गवला मालपोन से हण्डिया मार्ग की 9 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 5 करोड़ 96 लाख 63 हजार रुपये, बारंगी से रोलगांव मार्ग की 13.65 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 8 करोड़ 35 लाख 31 हजार, भुवनखेड़ी से बम्होरी व्हाया भुन्नास भैरोपुर रिजगांव कुंजरगांव मार्ग की 16 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 9 करोड़ 62 लाख 91 हजार, सोहागपुर-पानतलाई मार्ग की 4.20 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 2 करोड़ 86 लाख 73 हजार, तजपुरा से जलोदा व्हाया लछौरा भवरास शमसाबाद मार्ग की 13.50 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 7 करोड़ 48 लाख 81 हजार रुपये और नयागाँव धौलपुर खुर्द मार्ग की 4.50 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 2 करोड़ 93 लाख 94 हजार रुपये व्यय होंगे।
बैतूल जिले की चार सड़क
बैतूल जिले की चार सड़क में ढोड़खेड़ा सावंगी से गुनखेड़ मार्ग की 6.44 किलोमीटर लम्बी सड़क 3 करोड़ 44 लाख 98 हजार रुपये, कटकुही जोड़ मलाजपुर से झारकुण्ड मार्ग की 7.30 किलोमीटर लम्बी सड़क 3 करोड़ 69 लाख, शाहपुर भयावाड़ी मार्ग की 11.60 किलोमीटर लम्बी सड़क 7 करोड़ 98 लाख 25 हजार रुपये और परसोड़ी हथनोरा होते हुए बैतूल बाजार मार्ग की 7.30 किलोमीटर लम्बी सड़क 4 करोड़ 1 लाख 69 हजार की राशि से बनेगी।
होशंगाबाद जिले की एक सड़क, चार पुलिया
होशंगाबाद जिले में तवा पुल से मनवाड़ा-चपलासिर-बालाभेंट मार्ग की 10 किलोमीटर सड़क 7 करोड़ 47 लाख 5 हजार की राशि से बनवाई जायेगी।
इसी प्रकार होशंगाबाद की चार पुलिया का निर्माण करवाया जायेगा। इसमें भीलटदेव से भिलाड़िया मार्ग, जमुनिया गुराड़िया जाट मार्ग, बराखड़ पहुँच मार्ग और गाडरिया कुसुमकुई मार्ग पर पुलिया निर्माण क्रमशः 18 लाख 5 हजार, 21 लाख 65 हजार, 18 लाख 5 हजार और 29 लाख 23 हजार की राशि से होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: