बुधवार, 10 अक्तूबर 2012

सिवनी नहीं खण्डवा में खुलेगा मेडीकल कालेज


सिवनी नहीं खण्डवा में खुलेगा मेडीकल कालेज

भाजपा विधायकों को जमीन दिखाई विजय शाह ने

(संजीव प्रताप सिंह)

नई दिल्ली (साई)। भगवान शिव की नगरी के नाम से जाना जाता है सिवनी को। सिवनी में राष्ट्रीय स्तर के नेता कांग्रेस और भाजपा में हैं बावजूद इसके कोई भी सिवनी के विकास के लिए संजीदा प्रतीत नहीं हो रहा है। सिवनी में कांग्रेस में हरवंश सिंह ठाकुर तो भाजपा में श्रीमति नीता पटेरिया का कद राष्ट्रीय स्तर का माना जा सकता है।
सिवनी जिला पिछले पांच छः सालों से जिस तरह कराह रहा है उससे साफ हो जाता है कि ना तो हरवंश सिंह ठाकुर को और ना ही श्रीमति नीता पटेरिया को ही अपनी कर्मभूमि की कोई चिंता रह गई है। पिछले साल जब सूबे के निजाम शिवराज सिंह चौहान सिवनी आए थे तब उन्होंने यहां मेडीकल कालेज खोलने की घोषणा की थी।
हाल ही में खण्डवा जिले में मेडीकल कालेज खोलने की ना केवल घोषणा की गई है वरन् इसका खर्च का भोगमान भी आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा उठाए जाने की बात कही थी। खंडवा में मेडिकल कॉलेज खोला जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कॉलेज की आधारशिला रखेंगे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा ने खंडवा में यह घोषणा की।
उक्त प्रोग्राम में श्री अनूप मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बेहद संवेदनशील हैं। आदिम जाति कल्याण मंत्री कुँवर विजय शाह ने खंडवा में मेडिकल कॉलेज के लिये संजीदा प्रयास किये हैं। जल्दी यह प्रयास सफल होंगे। श्री अनूप मिश्रा ने खंडवा में अगले माह से 108 नंबर की एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ किये जाने की भी घोषणा की।
उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में 4 करोड़ 27 लाख रूपये की लागत से बनने वाले ट्रामा सेंटर, मेटरनिटी विंग और माईक्रो बायोलॉजी लैब का भूमि-पूजन किया। कार्यक्रम में कुँवर विजय शाह, विधायक सर्वश्री देवेन्द्र वर्मा, लोकेन्द्र सिंह तोमर, अनारसिंह वास्कले, पूर्व विधायक हुकुमचंद यादव आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर कुँवर विजय शाह ने कहा कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिये पृथक पॉलीटेक्निक, आई.टी.आई. और स्कूल खोले जाने के बाद प्रयास था कि इस वर्ग के लिये अलग से मेडिकल कॉलेज भी हो। इससे स्वास्थ्य विभाग में अजजा वर्ग के रिक्त पद शीघ्रता से भरे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज पर होने वाले व्यय का वहन आदिम-जाति कल्याण विभाग करेगा।
अगर खण्डवा में आयुर्विज्ञान महाविद्यालय की स्थापना हो सकती है तो सिवनी में जहां मेडीकल कालेज की सारी अहर्ताएं पूरी करने वाला प्रियदर्शनी श्रीमति इंदिरा गांधी के नाम से अस्पताल है वहां क्यों इसे नहीं खोला जा सकता है। सिवनी के सांसद विधायकों ने सदा ही मेडीकल कालेज के नाम पर जिला वासियों को छला है।
पिछले साल जब शिवराज सिंह चौहान सिवनी आए थे तब उन्होंने यहां मेडीकल कालेज खोलने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि मेडीकल कालेज निजी संस्था द्वारा खोला जाएगा। इसके बाद अब तक मेडीकल कालेज तो क्या जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों को भी रोककर नहीं रख पाए सिवनी के सांसद विधायक!
जिला चिकित्सालय सिवनी में बिना किसी प्रस्ताव के समाप्त हुई लोकसभा सीट की अंतिम सांसद, सिवनी विधायक और मध्य प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमति नीता पटेरिया के पति डॉ.पटेरिया एवं लखनादौन की विधायक श्रीमति शशि ठाकुर के पति डॉ.ठाकुर पदस्थ हैं, बावजूद इसके ना तो सिवनी के अस्पताल में कोई सुविधाएं हैं और ना ही चिकित्सक, ना ही पेरामेडीकल स्टाफ।

कोई टिप्पणी नहीं: