बुधवार, 10 अक्तूबर 2012

मरहम लगाने के बजाए रिसते घाव में नमक छिड़क गईं सोनिया


मरहम लगाने के बजाए रिसते घाव में नमक छिड़क गईं सोनिया

(अनेशा वर्मा)

चंडीगढ़ (साई)। हरियाणा के निजाम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बचाने के चक्कर में इस बार किसी और की नहीं वरन् देश पर आधी सदी से ज्यादा राज करने वाली और सवा सौ साल पुरानी कांग्रेस की वर्तमान अध्यक्ष की। जींद में बलात्कार की शिकार अबला दलित के आंसू पोछंने आई सोनिया ने वहां कुछ और ही कह डाला।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रेप की घटनाओं की वजह से आलोचना झेल रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बचाव किया है। सोनिया गांधी ने कहा है कि रेप के मामले पूरे देश में बढ़ रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार सुबह हरियाणा के जींद में रेप की पीड़ित एक दलित लड़की के परिवार से मिलने पहुंचीं। सोनिया गांधी की यह यात्रा राज्य में बलात्कार की दो और घटनाओं की खबर आने के साथ खत्म हुई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ सोनिया गांधी ठीक 10 बजे जींद के उस परिवार से मिलने पहुंचीं। इस परिवार की बेटी ने पिछले हफ्ते गैंग रेप के बाद आत्महत्या कर ली थी। पीडित परिवार के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मुख्यमंत्री हुड्डा अब तक किसी परिवार से नहीं मिले थे। परिवार से मुलाकात के बाद सोनिया गांधी बलात्कार को घिनौना बताते हुए ऐसी घटनाओं की निंदा की। उन्होंने कहा, कि इस तरह की घटनाएं सिर्फ हरियाणा में नहीं बल्कि पूरे देश में बढ़ रही हैं। इन्हें रोकने के लिए कठोर कदम उठाने होंगे।
हरियाणा में पिछले 30 दिन में बलात्कार की 11 घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं से राज्य सरकार की खासी किरकिरी हो रही है। हालांकि राज्य कांग्रेस इसे सरकार की छवि खराब करने की कोशिश बता रही है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष फूल चंद मुलाना ने कहा, ष्सरकार की छवि खराब करने के लिए बलात्कार की इन घटनाओं को जानबूझ कर सनसनीखेज बनाया जा रहा है। यह राजनीतिक साजिश के तहत हो रहा है।ष्
उधर, बलात्कार के बढ़ते मामलों में एक नया विवाद खाप पंचायतों के रूख ने जोड़ दिया है। मुख्यमंत्री हुड्डा के गृह जिले रोहतक की एक खाप पंचायत ने कहा है कि अगर लड़के-लड़कियों की शादियां जल्दी कर दी जाएं तो बलात्कार की घटनाओं को रोका जा सकता है। इस खाप पंचायत के अध्यक्ष ने कहा, जब लड़के-लड़कियां जवान हो रहे होते हैं तो उनके अंदर काम भावनाएं पैदा होने लगती हैं जो उन्हें गलत काम की ओर ले जाती हैं। ये इच्छाएं बलात्कार तक भी ले जा सकती हैं। इसलिए मुझे लगता है कि शादी की कोई उम्र नहीं होनी चाहिए और कम उम्र में ही लड़के-लड़कियों की शादी कर दी जानी चाहिए।
हरियाणा में बलात्कार की शिकार इन लड़कियों में से कई नाबालिग दलित हैं। कई घटनाओं में तो गैंग रेप का एमएमएस बनाया गया। पिछले महीने हिसार में एक दलित लड़की के साथ 12 लोगों ने बलात्कार किया और उसका एमएमएस बनाकर पूरे गांव में फैला दिया। इस घटना के बाद लड़की के पिता ने खुदकुशी कर ली। पुलिस के मामला न दर्ज करने पर परिवार ने स्थानीय अस्पताल से शव लेने से इनकार कर दिया। इस दबाव में ही पुलिस ने मामला दर्ज किया।
सोनिया के दौरे के वक्त गांव में मंत्रियों और सांसदों का तांता लगा रहा। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बलात्कार का शिकार लड़की की आत्महत्या को तीन दिन हो चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी यहां राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर कोई नहीं आया। जानकार मानते हैं कि राज्य में दलितों के खिलाफ ज्यादातर घटनाएं होने से समाज में एक डर का माहौल है। 35 फीसदी ज्यादा आपराधिक घटनाएं सिर्फ दलितों के खिलाफ हैं। सवाल है क्या सोनिया के दौरे से परेशानी दूर हो सकेगी?
उधर, हरियाणा में एक दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके पास कांग्रेस शासित राज्यों को दलितों की सुरक्षा के लिए कहने तक का साहस नहीं है।
मोदी ने कहा, हरियाणा में हर दिन बलात्कार की एक घटना सामने आ रही है, एक दलित लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया और उसने आत्मदाह कर लिया। उन्होंने कहा, सोनियाजी आपके पास कांग्रेस की सरकारों को सलाह देने का भी साहस नहीं है जिसमें एक हरियाणा में है जहां दलितों का उत्पीड़न हो रहा है, दलित बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया जा रहा है।
मोदी ने कहा, और आप जब राजकोट आती हैं तो गुजरात राज्य को बदनाम करने का साहस दिखाती हैं। आप गुजरात को कैसे सलाह दे सकती हैं? सोनिया ने पिछले हफ्ते राजकोट में एक रैली में कहा था कि गुजरात में दलितों का उत्पीड़न हो रहा है और जब वे अपने अधिकार मांगते हैं तो गोलियों की बौछार की जाती है। सोनिया गांधी ने आज हरियाणा के जींद में उस दलित लड़की के परिवार से मुलाकात की जिसने कथित तौर पर गैंगरेप का शिकार होने के बाद खुद को आग के हवाले कर दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं: