गुरुवार, 4 अक्तूबर 2012

गुजरात हिमाचल के चुनाव घोषित


गुजरात हिमाचल के चुनाव घोषित

(रश्मि सिन्हा)

नई दिल्ली (साई)। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में अगले महीने की चार तारीख को मतदान होगा, जबकि गुजरात में तेरह और सत्रह दिसम्बर को दो चरणों में मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त वी.एस. सम्पत ने कल नई दिल्ली में दोनों राज्यों के विधानसभा चुनावों के कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए सभी आवश्यक प्रबन्ध कर लिए गए हैं। दोनों राज्यों में वोटों की गिनती बीस दिसम्बर को होगी। श्री सम्पत ने बताया कि चुनावी खर्चों पर नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों को बैंक में अलग खाता खोलना होगा और तमाम खर्चे उसी खाते से करने होंगे। इसके लिए जिला स्तर पर जिलाधीश द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। जिसमें उन्हें सभी आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में जानकारी दी जायेगी।
श्री सम्पत ने बताया कि आयोग ने पैसे देकर खबर छपवाने के मामलों पर नजर रखने और कार्रवाई के लिए समितियों के गठन के नए आदेश जारी किए हैं। पैसे देकर खबर छपवाने अथवा प्रसारित करवाने पर निगरानी के लिए विभिन्न स्तरों पर तीन समितियां काम करेगी। मीडिया, प्रमाणीकरण और निगरानी के विभिन्न स्तरों पर ये समितियां बनाई जायेगी।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव तारीखों की घोषणा के साथ ही तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है।  विधानसभा चुनावों की   घोषणा का भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने स्वागत किया है।  निर्वाचन आयोग ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनावी शंखनाद कर दिया। हिमाचल में एक चरण में नवम्बर महीने में और गुजरात में दो चरणों में दिसम्बर महीने में चुनाव होंगे।
आयोग की घोषणा के मुताबिक हिमाचल में चार नवम्बर को जबकि गुजरात में 13 एवं 17 दिसम्बर को मतदान सम्पन्न होगा। दोनों राज्यों में मतगणना 20 दिसम्बर को होगी। उत्तर प्रदेश, गोवा, पंजाब, उत्तराखण्ड तथा मणिपुर विधानसभाओं के लिए इस साल फरवरी-मार्च में हुए चुनाव के बाद ये साल के सबसे अधिक महत्वपूर्ण चुनाव हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: